SIR में गड़बड़ियों को लेकर सपा का प्रदर्शन, 'कांग्रेस ने भी मनाया ‘काला दिवस’, वोट चोर गद्दी छोड़' के लगे नारे
आगरा, 08 अक्टूबर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के विरोध में सपा ने गुरुवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने सुभाष पार्क पर बैरिकेडिंग कर रोकने का प्रयास किया, धक्का-मुक्की हुई, फिर भी कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंच गए और अर्धनग्न प्रदर्शन कर ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए।
सपा का आरोप है कि पुलिस ने रात से ही नेताओं के घर निगरानी शुरू कर दी। राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन को संजय प्लेस स्थित HIG फ्लैट में, जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा को उनके घर पर नजरबंद किया गया।
वहीं दक्षिण विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल पुलिस को चकमा देकर सबसे पहले कलक्ट्रेट पहुंचे और सपा का झंडा फहराया। उन्होंने कहा पुलिस रात दो बजे घर पहुंची थी, लेकिन लोकतंत्र की आवाज दबाई नहीं जा सकती। भाजपा सरकार सवाल पूछने वालों को घर में कैद करना चाहती है। उनके साथ दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर को भी नजरबंद किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की मांग की। विनय अग्रवाल ने कहा 2027 में जनता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी। इस दौरान राजपाल यादव, जिनेश अग्रवाल, हिमांशु यादव, रोहित दिवाकर, विमल वाल्मीकि, सरिता यादव मौजूद रहे।
कांग्रेस ने मनाया ‘काला दिवस’, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर कांग्रेस ने बुधवार को ‘काला दिवस’ मनाते हुए प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर संवैधानिक शक्तियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेसजनों ने कहा लोकतंत्र और मताधिकार खतरे में है। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए। मतदाता सूची पुनरीक्षण में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है।
प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और लोकतंत्र बचाने के लिए संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments