एत्माद्दौला में फार्म हाउस से 19 साल पुराना नौकर लापता, मोबाइल-कपड़े यमुना किनारे मिले, भाजपा नेता समेत पांच पर मुकदमा
आगरा, 04 अक्टूबर। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस से 19 साल से काम कर रहा नौकर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। तलाश के दौरान उसका मोबाइल फोन और कपड़े यमुना किनारे मिलने से मामला और पेचीदा हो गया है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। भतीजे जितेंद्र शर्मा की तहरीर पर भाजपा नेता रामवीर सिसोदिया समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
खबरों के मुताबिक, राजवीर पिछले 19 वर्षों से रामवीर सिसोदिया के फार्म हाउस पर रहकर नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार विगत दो अक्टूबर को फार्म हाउस से फोन कर उसके घर से चले जाने की सूचना दी गई। इसके बाद संपर्क नहीं हो सका।
तलाश के दौरान यमुना किनारे उसका मोबाइल और कपड़े मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। भतीजे जितेंद्र ने आरोप लगाया कि चाचा को गायब किया गया है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फार्म हाउस पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ, कॉल डिटेल, दो अक्टूबर की गतिविधियों और यमुना किनारे सामान पहुंचने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। गोताखोरों की मदद से यमुना में भी तलाश की संभावना पर विचार हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
___________________________________
Post a Comment
0 Comments