Agra News: खबरें आगरा की.....

भारतीय हॉकी की स्वर्णिम सफलता पर मास्टर हॉकी संघ ने मनाया जश्न
आगरा, 03 अक्टूबर। एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल में 5-1 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक जीता, वहीं महिला टीम ने भी स्वर्ण जीतकर गौरवशाली परंपरा को मजबूत किया।
इस ऐतिहासिक सफलता पर आगरा मास्टर हॉकी संघ ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों व स्टाफ को बधाई दी। इस अवसर पर राजीव सोई, अमिताभ गौतम, धर्मेंद्र बघेल, के.पी. सिंह यादव, अजय कुमार सिंह, मोहित कपूर, करमजीत मान, गर्जन सिंह, अमरजीत सिंह, धीरज मदान, डॉ. जयशंकर यादव, गोपाल भगत, दिलीप शर्मा, पवन कुमार, हेमंत शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों ने कहा कि यह जीत देश के लिए गर्व का विषय है और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। 
_________________________________
शकील खान बने भारतीय लैक्रोस टीम के मुख्य कोच, ऑस्ट्रेलिया रवाना
आगरा, 03 अक्टूबर। शारदा वर्ल्ड स्कूल के शकील खान को भारतीय पुरुष और महिला लैक्रोस टीमों का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में दोनों भारतीय टीमें ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाली एशिया पैसिफिक सिक्सेस लैक्रोस चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रवाना हो गई हैं।
शकील खान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्तमान में वे लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तकनीकी निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। 
भारतीय टीमों की तैयारी के लिए शारदा वर्ल्ड स्कूल में हाई-परफॉर्मेंस कैंप का आयोजन किया गया था। इस कैंप में शकील खान ने खिलाड़ियों को फिटनेस, तकनीकी कौशल, रणनीति और टैक्टिकल गेम प्लान का विशेष प्रशिक्षण दिया।
_________________________________
रोटरी क्लब ने लगाया रक्तदान शिविर
आगरा, 03 अक्टूबर। गांधी जयंती पर रोटरी क्लब ऑफ आगरा ने एस.एन. मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में 25 लोगों ने रक्तदान किया।
क्लब ने सभी रोटेरियंस का आभार जताया, जिनके योगदान से यह सेवा कार्य सफल हुआ। क्लब ने अपील की कि रक्तदान को नियमित सेवा बनाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। इस अवसर पर अध्यक्ष गुंजन गिरीश सिंह, सचिव इरा शर्मा, कोषाध्यक्ष अजय चौहान, सेवा निदेशक योगेश जिंदल, पूर्व अध्यक्ष शांति स्वरूप गोयल, दिगंबर सिंह धाकरे, गिरीश सिंह, मोहन सिंह, विवेक गुप्ता, राम प्रकाश गुप्ता, भगवान गुप्ता आदि मौजूद रहे।
_________________________________
मोबाइल की दुनिया से संत रविदास की वाणी तक पहुंची जेन-जी
आगरा, 03 अक्टूबर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महासभा के तीन दिवसीय समरसता महोत्सव के दूसरे दिन 1500 स्कूली बच्चों ने संत रविदास जी के जीवन-दर्शन को जाना। महोत्सव बीएसएनएल ग्राउंड, तार घर पर हो रहा है।
कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कहा- नई पीढ़ी को संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना उद्देश्य है। आगरा चर्म उद्योग की नगरी है, साढ़े तीन लाख परिवार जुड़े हैं, ऐसे में रविदास जी के विचारों से जोड़ना जरूरी है।
सुखमनी सेवा सभा के सरदार महेंद्र पाल सिंह ने सत्संग में कहा- रविदास जी के पास धन नहीं, भक्ति की संपदा थी। "हरि सो हीरा छाड़ि कै" वाणी का उल्लेख कर अच्छी संगत का आह्वान किया। सचिव अभिनव मौर्य ने कहा- जेन-जी ही संस्कृति को आगे ले जाएगी। कवि सम्मेलन में पद्म गौतम, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. रुचि चतुर्वेदी आदि ने समरसता पर रचनाएं सुनाईं। समापन पर संत रविदास कथा होगी।
_________________________________
भाजपा ने शिक्षक-स्नातक सीट पर दाखिल किए नामांकन, शक्ति प्रदर्शन
आगरा, 03 अक्टूबर। आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने शनिवार को शक्ति प्रदर्शन किया। प्रतापपुरा में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 12 जिलों के पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक सक्रियता का मंत्र दिया।
इसके बाद शिक्षक सीट से इंजी. हरि किशोर तिवारी और स्नातक सीट से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने मंडलायुक्त कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। दो किमी लंबा काफिला चला।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- मेरे अध्यक्ष बनने के बाद पहला चुनाव है, मान-प्रतिष्ठा लगी है। स्नातक सीट जीतते रहे हैं, शिक्षक सीट भी जितानी है। उन्होंने 2027 में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया और अखिलेश पर तंज कसा।
हरि किशोर तिवारी पीडब्ल्यूडी से वीआरएस लेकर 2020 में निर्दलीय स्नातक चुनाव लड़े थे, उन्हें 19020 वोट मिले थे। बाद में सपा होते हुए भाजपा में आए। डॉ. मानवेंद्र 2020 में 40070 वोट से जीते थे।
_________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments