भाजपा की राज्यसभा सूची ने चौंकाया, आगरा से रामप्रताप चौहान को मौका
लखनऊ/आगरा, 05 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए आठ प्रत्याशियों के नाम घोषित कर सभी को चौंका दिया है। जिन नामों की पिछले कई दिनों से चर्चा थी, उनमें से अधिकांश को दरकिनार कर भाजपा नेतृत्व ने नए और संगठन से जुड़े चेहरों पर भरोसा जताया है।
सबसे बड़ी चर्चा आगरा से है। पूर्व विधायक और वर्तमान प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने से ताजनगरी की सियासत में नई हलचल है। इससे पहले आगरा से कारोबारी-नेता नवीन जैन को राज्यसभा भेजा गया था। अब चौहान के जाने से आगरा की मौजूदगी उच्च सदन में दोगुनी हो जाएगी। स्थानीय मुद्दों, पर्यटन, उद्योग और ब्रज क्षेत्र के विकास को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती मिलेगी।
भाजपा की सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, गोपीकृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, श्रुति गंगवार और राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं। इसमें दो ब्राह्मण, एक दलित, एक राजपूत और ओबीसी चेहरों के जरिए सामाजिक संतुलन साधा गया है। लोधी समाज से धर्मपाल सिंह को भेजना महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो भाजपा का कोर वोट बैंक है।
यह सूची सिर्फ राज्यसभा चुनाव नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति का संकेत है। इधर सूची के बाद केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के मंत्री पद को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि भाजपा राज्यसभा के साथ संगठन और मंत्रिमंडल में भी सामाजिक समीकरणों का नया संतुलन बना सकती है।
_______
Post a Comment
0 Comments