नमक की मंडी में चांदी के कारोबार में 33 लाख के बकाया पर मुकदमा दर्ज
आगरा, 04 अक्टूबर। थाना कोतवाली क्षेत्र के नमक की मंडी में चांदी के कारोबारी लेनदेन को लेकर 55.80 लाख रुपये के विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी ने थाने में तहरीर देकर 33 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिकायतकर्ता संजीव कुमार गोयल, नमक की मंडी क्षेत्र के चांदी कारोबारी हैं। उनका मोहित अग्रवाल और शुभम अग्रवाल से चांदी का लेनदेन हुआ था। सौदा 22 किलो 564 ग्राम चांदी का तय हुआ था, जिसकी कुल कीमत 55 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई।
संजीव गोयल का आरोप है कि उन्होंने सौदे के तहत 22 लाख, 80 हजार रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन बाकी 33 लाख रुपये आरोपियों ने नहीं चुकाए। कई बार तकादा करने पर भी भुगतान टाला जाता रहा। बाद में आरोपी भुगतान से मुकर गए।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मोहित अग्रवाल और शुभम अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि यह विशुद्ध रूप से कारोबारी लेनदेन का मामला प्रतीत हो रहा है, फिर भी शिकायत में लगाए गए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब बिल-बही, भुगतान के बैंक रिकॉर्ड, जीएसटी बिल और चांदी की डिलीवरी से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
_____________________________________
Post a Comment
0 Comments