सिकंदरा में ISBT के सामने CNG लोडर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
आगरा, 09 अक्टूबर। थाना सिकंदरा क्षेत्र में NH-2 पर गुरुवार की सायं एक CNG लोडर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा ISBT के सामने हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठते देख हाईवे पर जाम जैसे हालात बन गए।
खबरों के मुताबिक लोडर चालक द्वारका प्रसाद गाड़ी में स्पेयर पार्ट्स और खाद्य सामग्री भरकर जा रहा था। ISBT के पास पहुंचते ही इंजन से अचानक चिंगारी निकली और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग सीधे CNG टैंक तक पहुंच गई, जिससे लपटें और तेज हो गईं।
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत लोडर से कूदकर अपनी जान बचाई और राहगीरों की मदद से वाहन में लदा सामान बाहर निकालना शुरू किया। काफी सामान को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लोडर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। गनीमत रही कि CNG टैंक फटा नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
_______________________________
Post a Comment
0 Comments