उत्तर मध्य रेलवे की बैठक में सांसद नवीन जैन ने उठाया आगरा की रेल सुविधाओं का मुद्दा, वंदे भारत समेत कई ट्रेनों की मांग
आगरा, 09 अक्टूबर। फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज में आयोजित उत्तर मध्य रेलवे महाप्रबंधक के साथ सांसदों की बैठक में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने शहर के रेल यात्रियों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। उन्होंने ट्रेनों के ठहराव, विस्तार और बंद ट्रेनों को फिर से शुरू करने के सुझाव रखे।
सांसद जैन ने कहा कि शहर के चारों कोनों पर महादेव विराजमान हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर माह उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन को जाते हैं। उन्होंने ग्वालियर-रतलाम एक्सप्रेस को ग्वालियर के बजाय आगरा से संचालित करने का सुझाव दिया, ताकि उज्जैन, इंदौर और रतलाम जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को सीधी सुविधा मिल सके।
उन्होंने 15 फरवरी 2026 से बंद पड़ी आगरा-उदयपुर वंदे भारत ट्रेन को दोबारा शुरू करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा आगरा कैंट स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव, पार्किंग, पेयजल, प्रतीक्षालय, दिव्यांग सुविधाओं और साफ-सफाई के मुद्दे भी रखे।
बैठक में चुटकी लेते हुए सांसद जैन ने कहा कि हर साल प्रस्तावित यह बैठक तीन साल में पहली बार हुई है, इसके लिए धन्यवाद। उन्होंने कहा कि ऐसी बैठकें नियमित होनी चाहिए।
रेलवे अधिकारियों ने कुछ कार्यों के स्वीकृत होने और कुछ प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजे जाने की जानकारी दी।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, जितेंद्र दोहरे, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, डीआरएम गगन गोयल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments