घोषित समय सीमा निकलने से हजारों पीएनजी उपभोक्ताओं की बेचैनी बढ़ी, देर रात तक चालू करने का दावा
आगरा, 28 अक्टूबर। घोषित समय सीमा निकल जाने के बाद शहर के हजारों पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) उपभोक्ताओं की बेचैनी बढ़ गई है। रात नौ बजे तक भी आपूर्ति सुचारू न होने पर उपभोक्ताओं के फोन घनघनाने लगे। बड़ी संख्या में लोगों ने शिकायतें की कि गैस आपूर्ति करने वाली कम्पनी ग्रीन गैस लिमिटेड द्वारा कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
बहुत प्रयासों के बाद बताया गया कि पीएनजी की आपूर्ति मध्य रात्रि बाद चालू होने की संभावना है। अनेक उपभोक्ताओं में इस बात की गहरी नाराजगी दिखी कि अगले दिन गुरुवार को करवा चौथ का बड़ा त्योहार है। महिलाओं को रसोईघरों में तैयारी करनी होती है, ऐसी स्थिति में गैस आपूर्ति बंद किए जाने से उनकी दुश्वारियां बढ़ गई हैं।
बता दें कि पहले पीएनजी की आपूर्ति शाम पांच बजे तक चालू होने और फिर इस समय को घटा कर सुबह 11 बजे तक आपूर्ति सुचारू होने का दावा मीडिया के माध्यम से किया गया था। पूर्व सूचना के अनुसार मंगलवार की दोपहर दो बजे से आपूर्ति बंद की जानी थी, लेकिन कई क्षेत्रों में इसे रात करीब आठ बजे बंद किया गया। इसके बाद बुधवार की दोपहर तक आपूर्ति चालू करने का लक्ष्य था, लेकिन कंपनी इस लक्ष्य से पिछड़ती गई। रात्रि दस बजे तक भी आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी थी।
कस्टमर केयर से बार-बार समय सीमा बढ़ाई जाती रही। खंदारी, दयालबाग, टीपी नगर के आसपास के क्षेत्रों में दिन में कई बार गैस का आना-जाना जारी रहा। सिकंदरा, शास्त्रीपुरम, आवास विकास कॉलोनी, कमलानगर, आदि कई क्षेत्रों में पूरे दिन सप्लाई ठप रही।ग्रीन गैस के अधिकारियों ने रात 12 से एक बजे के बीच सप्लाई शुरू होने की संभावना जताई है। शहर में ग्रीन गैस के करीब 80 हजार कनेक्शन हैं। सप्लाई प्रभावित रहने से लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा। घरों में नाश्ते और खाने को लेकर परेशानी हुई। अनेक घरों में वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी, ऐसे में उन्हें बाहर से खाना मंगाना पड़ा।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments