खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे आगरा के चार दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, कार का टायर फटने से 30 फीट गहरी खाई में गिरी स्विफ्ट, दो गंभीर घायल
आगरा/जयपुर, 23 अक्टूबर। आगरा से खाटू श्याम के दर्शन करने गए छह दोस्तों के साथ जयपुर में बड़ा हादसा हो गया। आज शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार का टायर फटने से कार बेकाबू होकर सड़क किनारे 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आगरा के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं।
कार चकनाचूर, ग्रामीणों ने निकाला बाहर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार z हादसा जयपुर के रायसर में नेशनल हाईवे-148 (दौसा-मनोहरपुर) पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और सभी युवक अंदर बुरी तरह फंस गए। आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर बड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से जयपुर के NIMS हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान आगरा के अतुल वार्ष्णेय (35), मुकुल जायसवाल (21), रूपेश जाटव (25) और शिवा सिंह (20) के रूप में हुई। वहीं राहुल शर्मा (36) और अर्पित बंसल (20) गंभीर घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।
लाइव कवरेज कर लौट रहे थे आगरा
पुलिस के मुताबिक, रामबाग निवासी अतुल, नुनिहाई के राहुल, बल्केश्वर के अर्पित और कालिंदी विहार के मुकुल, रूपेश व शिवा सभी दोस्त हैं। अतुल अपने यूट्यूब चैनल के लिए खाटू श्याम में एकादशी के भजन-कीर्तन की लाइव कवरेज करने गए थे।
मृतक अतुल के छोटे भाई रोहित वार्ष्णेय ने बताया कि सुबह सात बजे पुलिस से हादसे की सूचना मिली। अतुल 21 अक्टूबर को अपने दोस्तों और स्टाफ के साथ आगरा से खाटू श्याम गए थे। 22 अक्टूबर एकादशी पर लाइव के बाद वे आगरा लौट रहे थे। कार (UP 83AU 6399) अतुल के नाम पर थी और उनका दोस्त राहुल शर्मा कार चला रहा था।
तीन मासूम बेटियों के पिता थे अतुल
अतुल वार्ष्णेय की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। अतुल की 2016 में सिम्मी वार्ष्णेय से शादी हुई थी। उनकी तीन बेटियां हैं - रुद्रांशी (09), ख्याति (05) और तृषा (03 महीने)। पिता वीरेंद्र घर के नीचे परचून की दुकान चलाते हैं। अतुल शादियों में फोटोग्राफी के साथ WH Studio नाम से यूट्यूब चैनल चलाते थे।
हादसे के बाद मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को खाई से बाहर निकलवाकर ट्रैफिक सुचारू कराया।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments