मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की टिप्पणी से वैश्य समाज आहत, माफी की मांग - भाजपा को भुगतने होंगे परिणाम

आगरा, 25 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय द्वारा वैश्य समाज के जनप्रतिनिधि आकाश अग्रवाल को लेकर कथित अमर्यादित टिप्पणी करने से वैश्य समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने की मांग की है।
वैश्य समाज का कहना है कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से मर्यादा, संयम और सभी समाजों के प्रति सम्मान की अपेक्षा होती है। समाज ने स्पष्ट कहा है कि वैश्य समाज किसी राजनीतिक दल का बंधुआ मजदूर नहीं है। समाज के युवाओं के धैर्य की परीक्षा न ली जाए। यदि मंत्री अपने शब्दों की जिम्मेदारी नहीं समझते तो आगामी चुनाव में समाज अपनी लोकतांत्रिक ताकत दिखाकर उन्हें राजनीतिक हैसियत का एहसास कराएगा। आक्रोश व्यक्त करने वालों में मदन गर्ग, विनय अग्रवाल, गिरीश चंद्र गोयल, विनय मित्तल, रमनलाल गोयल, राकेश अग्रवाल, हरिओम अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल आदि शामिल हैं। 
लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में हुई वैश्य समाज की महाबैठक में भारतीय वैश्य महासभा के अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि समाज के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। 72 घंटे में माफी नहीं मिली तो मंत्री आवास का घेराव और उग्र आंदोलन होगा। कोषाध्यक्ष विष्णु बिहारी गोयल और ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि पूरा वैश्य समाज इस अपमान के खिलाफ एकजुट है। राष्ट्रीय मंत्री विनय अग्रवाल ने कहा कि देश के विकास की रीढ़ रहे समाज के खिलाफ ओछी भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments