नैपकिन फैक्ट्री में आग, रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी, मजदूरों ने भागकर बचाई जान

आगरा, 10 अक्टूबर। थाना सदर क्षेत्र के राजपुर चुंगी स्थित कावेरी विहार में शनिवार को नैपकिन फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटों और काले धुएं के घने गुबार ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। रिहायशी इलाके में फैक्ट्री होने से लोगों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
खबरों के मुताबिक, कावेरी विहार स्थित नैपकिन फैक्ट्री में अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री के अंदर रखा सामान जलने लगा। दूर तक काला धुआं दिखाई देने लगा। मौके पर भीड़ जुट गई। फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। मजदूरों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फैक्ट्री के अंदर रखी मशीनें और तैयार माल जलकर खाक हो गया। भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दमकल की कई गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर मोर्चा संभाला। फैक्ट्री के भीतर ज्वलनशील सामग्री होने से आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। रिहायशी क्षेत्र होने से आसपास की इमारतों को भी खतरा बना रहा।
फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। अग्निशमन विभाग और पुलिस कारणों की जांच में जुटी है। नुकसान का आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा।
________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments