नेशनल चैम्बर कोर कमेटी के चेयरमैन व पूर्व अध्यक्ष अमर मित्तल का निधन, शोकाकुल वातावरण में अंत्येष्टि
आगरा, 26 अक्टूबर। नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स की कोर कमेटी के चेयरमैन और पूर्व अध्यक्ष अमर मित्तल का आज सोमवार की सुबह आकस्मिक निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे। उनके निधन से उद्योग एवं व्यापार जगत में शोक की लहर व्याप्त हो गई।
स्वर्गीय मित्तल पिछले कुछ माह से अस्वस्थ चल रहे थे और नियमित डायलेसिस पर थे। सुबह अचानक घर पर ही उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उनके प्राण-पखेरू उड़ गए। दोपहर करीब तीन बजे ताजगंज स्थित विद्युत शवदाहगृह में शोकाकुल वातावरण में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उद्योग और व्यापार जगत से जुड़े अनेक लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल ने बताया कि स्व. अमर मित्तल वर्ष 2004-2005 में चैम्बर में अध्यक्ष पद पर रहे थे। चैम्बर द्वारा उनको लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित भी किया गया था। वर्तमान में वह चैम्बर की सर्वोच्च समिति कोर कमेटी के चेयरमैन पद पर थे। स्व मित्तल विगत कुछ माह से किडनी की समस्या के चलते अस्वस्थ थे। चैम्बर द्वारा उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र व माला अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
चैंबर के पूर्व उपाध्यक्ष सुनील सिंघल ने बताया कि स्व मित्तल नेशनल चैंबर के अलावा इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रदेश सचिव, आगरा आयरन फाउंड्री के अध्यक्ष, कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन आगरा के सदस्य, पीपीडीसी गवर्निंग काउंसिल के सदस्य और जीएसटी सलाहकार परिषद सदस्य भी थे।
स्व मित्तल ने अपने पीछे पत्नी नीलिमा मित्तल, पुत्र सौरभ मित्तल और पुत्री कनिका अग्रवाल का भरापूरा परिवार छोड़ा है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments