11 साल के कबीर ने आठ घंटे बैटिंग कर बनाए 513 रन, लीडर्स आगरा ने किया सम्मान

आगरा, 25 अक्टूबर। प्रख्यात तेज गेंदबाज के.के. शर्मा द्वारा के.के. शर्मा वत्स क्रिकेट एकेडमी में आयोजित माया देवी क्रिकेट मैच में धनौली के 11 वर्षीय कबीर राजपूत ने आठ घंटे लगातार बैटिंग कर 513 रन बनाकर सुर्खियां बटोरीं।
आगरा की सामाजिक संस्था लीडर्स आगरा ने रविवार को मलपुरा स्थित के.के. शर्मा वत्स स्टेडियम पहुंचकर कबीर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही कोच के.के. शर्मा का भी अभिनंदन किया गया।
इस मौके पर के.के. शर्मा ने बच्चों से कहा कि साधारण को कोई नहीं पूछता, असाधारण बनना होगा। कबीर ने आठ घंटे क्रीज पर खड़े रहकर असाधारण प्रतिभा दिखाई है। 
लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने कहा कि कभी आगरा से रणजी खेलना दुर्लभ था, आज के.के. शर्मा, लोकेंद्र चाहर, परवेंद्र सिंह, मनोज कुशवाहा जैसे कोचों की मेहनत से आगरा लगातार राष्ट्रीय खिलाड़ी दे रहा है।
इस अवसर पर कबीर के परिवार ने लीडर्स आगरा का स्वागत किया। राहुल जैन, नवीन चंचल, राजदीप ग्रोवर, अधिराज जैन मौजूद रहे।
________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments