31 अक्टूबर को मनेगा संस्कार भारती का दीपावली आनंद मेला, शंख बजाने की प्रतियोगिता होगी आकर्षण
आगरा, 26 अक्टूबर। संस्कार भारती, पश्चिम प्रताप महानगर, ब्रज प्रांत द्वारा दीपावली आनंद मेला 31 अक्टूबर शनिवार को श्रीराम पार्क, जयपुर हाउस में आयोजित किया जाएगा। मेले की थीम स्वर्णिम भारत रखी गई है, जिसमें स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर नारीशक्ति को प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रताप नगर स्थित संस्कार केंद्र में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में प्रांतीय महामंत्री नंद नंदन गर्ग ने बताया कि तीज-त्योहारों के जरिए अगली पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों का ज्ञान होता है। अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि 26वां दीपावली आनंद मेला इसी दिशा में बड़ा कदम है।
महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने बताया कि मेले में 100 से अधिक महिलाओं और बच्चों द्वारा स्वर्णिम भारत थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनका 15 दिन से अभ्यास चल रहा है। संयोजन नीता गर्ग, मीना अग्रवाल और अनीता भार्गव कर रही हैं।
मेला प्रभारी डॉ. श्याम तिवारी ने बताया कि राज्य ललित कला अकादमी की सदस्य डॉ. आभा गुप्ता द्वारा चित्र में रंग भरो प्रतियोगिता, अमित अग्रवाल के निर्देशन में महाभारत पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, थाल सज्जा और विविध वेश प्रतियोगिता आयोजित होगी। मुख्य आकर्षण शंख बजाने की प्रतियोगिता रहेगी। विजेताओं को नकद पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।
सर्वव्यवस्था प्रमुख नीरज अग्रवाल ने बताया कि मेले में नारी शक्ति द्वारा स्वावलंबन के लिए 45 दुकानें लगाई जाएंगी। इस अवसर पर राजीव सिंघल, अभिषेक गर्ग, प्रदीप सिंघल, डॉ. विनोद माहेश्वरी, नीता गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments