लेखपाल के धोखे में बीटीसी छात्रा ने दी जान: शव इटावा ले जाकर यमुना में फेंका, आरोपी जेल भेजा
आगरा, 07 अक्टूबर। थाना एमएम गेट क्षेत्र में एक सप्ताह से लापता बीटीसी छात्रा की मौत का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। युवती का शव मंगलवार को इटावा के बढ़पुरा थाना क्षेत्र में यमुना नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी लेखपाल शिवजीत भदौरिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी शिवजीत भदौरिया बाह के रुधमुली गांव का निवासी है और फतेहाबाद तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात है। वहीं, युवती बाह क्षेत्र की रहने वाली थी और एमएम गेट के नूरी दरवाजा में रहकर बीटीसी के बाद सुपर टेट की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और लेखपाल ने शादी का वादा किया था।
पुलिस के मुताबिक मई 2025 में लेखपाल की दूसरी जगह शादी हो गई। उसकी पत्नी ने मोबाइल फोन में युवती की फोटो देख ली तो विवाद हुआ। इसके बाद लेखपाल ने युवती से दूरी बना ली। आहत युवती ने एक बार आत्महत्या का प्रयास भी किया था, लेकिन परिजनों ने बचा लिया था।
29 सितंबर से लापता, कॉल डिटेल से खुला राज
29 सितंबर से युवती का परिजनों से संपर्क टूट गया। परिजनों ने एमएम गेट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। सर्विलांस में लेखपाल का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 30 सितंबर को युवती उसके कमरे पर आई थी और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह उसे अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पकड़े जाने के डर से वह शव को कार से बाह-इटावा बॉर्डर ले गया और कचौरा घाट पुल से यमुना में फेंक दिया। शव बहकर मिहौली गांव के पास पहुंच गया।
मुकदमा दर्ज, शव बरामद
पुलिस ने लेखपाल के खिलाफ अपहरण, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने और साक्ष्य नष्ट करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मंगलवार को इटावा पुलिस की मदद से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आरोपी को जेल भेज दिया गया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments