श्रीरामलीला महोत्सव: राम विवाह की मंगल रस्मों से अयोध्या बना अग्रवन

आगरा, 05 अक्टूबर। वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन सोमवार को राम नाम से गूंज उठा। श्रीरामलीला महोत्सव में राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के मेहंदी, संगीत और लगन समारोह का आयोजन राजा दशरथ संजय सिंघल की ओर से हुआ। रघुनंदन के हाथों में सीता नाम की मेहंदी सजी तो ‘सियावर रामचंद्र की जय’ से पूरा परिसर गूंज उठा।
समारोह की शुरुआत राजा जनक स्वरूप अशोक गोयल और रानी सुनयना के शगुन की थाल लेकर दशरथ निवास पहुंचने से हुई। मां कौशल्या स्वरूप नीता सिंघल ने चारों राजकुमारों की नजर उतारी, भाभी निमिषा सिंघल ने काजल लगाया और बहन आयुषी गर्ग ने आरती उतारी। रश्मि, रेनू, सारिका, विनीता ने चारों के हाथों में मेहंदी रचाई। राम के हाथ पर सीता नाम देख श्रद्धालु भावुक हो गए।
इसके बाद हल्दी और लगन टीका हुआ। मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक दिनेश जी ने आरती कर आशीर्वाद दिया। अध्यक्ष-विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल सहित कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। कृष्णा गर्ग, रजत सिंघल, मनोज अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में राजा दशरथ ने शहरवासियों को राम बरात में शामिल होने का न्योता दिया।
_____________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments