आगरा की चार हाउसिंग सोसायटियां एलपीजी-मुक्त घोषित, अब सिर्फ पीएनजी से जलेगा चूल्हा

आगरा, 09 अक्टूबर। स्वच्छ और सुरक्षित घरेलू ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिला नोडल अधिकारी की अध्यक्षता में हुई पीएनजी समन्वय समिति की बैठक में शहर की चार हाउसिंग सोसायटियों को एलपीजी-मुक्त घोषित किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में ग्रीन गैस लिमिटेड के किशन सिंह, IOCL के विनीत कुमार और HPCL के रोहित कुमार यादव शामिल रहे।
समीक्षा में बताया गया कि 90 दिन की नोटिस अवधि पूरी होने के बाद अपर्णा रिवर व्यू, फ्रेंड्स आशियाना, फ्रेंड्स पैराडाइज और मातंगी टॉवर में एलपीजी आपूर्ति बंद कर दी गई है। अब यहां केवल पीएनजी का ही उपयोग होगा।
तीन सोसायटियों में इस हफ्ते बंद होगी एलपीजी
बैठक में तय हुआ कि अनुपम डैफोडील्स दयालबाग, अपर्णा पंचशील आवास विकास और नव ज्योति अपार्टमेंट विजय नगर में इसी सप्ताह एलपीजी ब्लॉकिंग की जाएगी। अगले सप्ताह इन्हें भी एलपीजी-मुक्त घोषित किया जाएगा।
वहीं ट्विन टॉवर ताज नगरी, पदम इटरनिटी ताज नगरी और अनंत अपार्टमेंट ताज नगरी को पीएनजी अपनाने के लिए 90 दिन का नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया।
बकायेदारों पर शिकंजा
बैठक में यह भी सामने आया कि कई उपभोक्ता पीएनजी बिल बकाया होने पर कनेक्शन कटने के बाद फिर से एलपीजी इस्तेमाल करने लगे हैं। इस पर तेल कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे डिफॉल्टरों की एलपीजी आपूर्ति भी ब्लॉक की जाए, ताकि वे बकाया चुकाकर फिर से पीएनजी पर लौटें।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments