“बरषहिं सुमन देव मुनि बृंदा…” पुष्पवर्षा के बीच निकली ऐतिहासिक राम बारात, सवारियों में दिखा धर्म और देशभक्ति का संगम
आगरा, 06 अक्टूबर। “बरषहिं सुमन देव मुनि बृंदा, जय जय धुनि नभ मंडल गुंजा…” की अनुभूति मंगलवार को शहर में साकार हुई। श्रीरामलीला कमेटी की ऐतिहासिक राम बारात रावतपाड़ा से निकली तो पूरा पुराना शहर जय श्रीराम से गूंज उठा। 168 सवारियों के दिव्य कारवां में धर्म, संस्कृति और देशभक्ति का अद्भुत संगम दिखा।
शुभारंभ प्रथम पूज्य गणेश की 8 फुट ऊंची सवारी के आगे नारियल फोड़कर हुआ। विधायक चौधरी बाबूलाल और कमेटी अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाई। सायं करीब सात बजे बारहद्वारी पर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यमंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग और पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल और अन्य अधिकारियों ने आरती उतारी। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने किया। संचालन उपाध्यक्ष संजय तिवारी ने किया। आरती की व्यवस्थाएं डॉ पार्थसारथी शर्मा, राम आशीष शर्मा, अनुज अग्रवाल हनी, शशांक तिवारी ने संभाली।
राम बरात में सबसे आगे ऊंट-नगाड़े और 31 कलाकारों का नासिक ढोल दल था। हर झांकी धर्म की कहानी कह रही थी - कालिया नाग मर्दन, मां काली, गिरिराज, वैष्णो देवी, सुदामा-कृष्ण, परशुराम, द्वादश ज्योतिर्लिंग, पंचमुखी हनुमान, यशोदा-कृष्ण, भारत माता, अन्नदाता के खेत, इस्कॉन की जगन्नाथ झांकी, शेषशैया पर विष्णु, खाटू श्याम, तिरुपति बालाजी, सरस्वती, समुद्र मंथन। 11 फुट की माखन चोरी लीला और पूंछ लाती डायनासोर बच्चों में आकर्षण रहे।
क्रांति और देशभक्ति की झांकियों में गदर का हैंडपंप उखाड़ते सनी देओल और सेना की आतंकवादियों से जंग के दृश्य ने जोश भरा। हाइड्रोलिक रथों पर बाबा बर्फानी, कैलाश मानसरोवर, पंचमुखी हनुमान, गोवर्धन लीला में बरसती वर्षा और फूलों-फलों से सजी सालासर व नीम करोली बाबा की झांकियां भव्य रहीं।
मुख्य आकर्षण अपने अपने भव्य और दिव्य रथों पर सवार श्रीराम सहित चारों भाई और चांदी के रथ पर लक्ष्मी-नारायण रहे। पूरा शहर बाराती बन गया। छतों से पुष्पवर्षा, बाजार कमेटियों ने आरती उतारी। 10 एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण हुआ।
बुधवार सुबह स्वरूप कार से जनकपुरी भावना एस्टेट पहुंचेंगे, जहां सुबह 9 बजे वरयात्रा निकलेगी।
Post a Comment
0 Comments