कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन से अपवित्र हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पैतृक आवास की शुद्धि के लिए मंगल कलश यात्रा और सुंदरकांड का आयोजन

आगरा, 6 अक्टूबर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के विजयनगर कॉलोनी स्थित पैतृक आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन से आहत हुए वृद्ध माता-पिता की कुशलता, दीर्घायु और घर की पवित्रता की पुनर्स्थापना के उद्देश्य से आज अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के तत्वावधान में सकल वैश्य समाज एवं क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा पवित्र कलश यात्रा एवं पावन सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2:00 बजे विजयनगर कॉलोनी स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर से मंगल कलश यात्रा के रूप में हुआ। बड़ी संख्या में मातृशक्ति द्वारा सिर पर मंगल कलश धारण कर यह यात्रा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ डॉ. सुबोध गुप्ता के निवास स्थान तक निकाली गई। वातावरण धर्ममय बना रहा।
मंगल कलश यात्रा के समापन के उपरांत पवित्र कलशों में भरकर लाए गए गंगाजल से वैदिक मंत्रोच्चारण, शंख और घंटे-घड़ियाल की मंगल ध्वनियों के बीच डॉ. सुबोध गुप्ता जी के आवास पर छिड़काव कर घर की शुद्धि की गई।
तत्पश्चात दोपहर 3:00 बजे से रामनिवास गुप्ता द्वारा पावन सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने आहत परिवार की सुख-समृद्धि और वृद्ध माता-पिता के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु के लिए प्रार्थना की। संगीतमय सुंदरकांड पाठ के दौरान रामनिवास गुप्ता ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्री सुंदरकांड में गृहस्थ जीवन को सुखमय और आनंदमय बनाने के अनेक गूढ़ सूत्र छिपे हैं। 
इस अवसर पर प्रमुख रूप से मुकेश मामा (राष्ट्रीय अध्यक्ष - अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा), श्री विनोद गुप्ता सर्राफ 'गुरुजी', शंकर गुप्ता, विमल गुप्ता (मंडल अध्यक्ष - अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा), श्रीमती उपमा गुप्ता (कार्यक्रम संयोजक), संजय गुप्ता सीमेंट, बाबू रोशन लाल गुप्ता सर्राफ, मुकेश इलेक्ट्रिक, सुरेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, विनय गुप्ता, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, पूर्व चेंबर अध्यक्ष अतुल गुप्ता, नीरा गुप्ता, निशा गुप्ता, राकेश कौन्ट्रेक्टर, ध्रुव कुमार आचार्य, दिनेश गुप्ता, ललतेश गुप्ता, कुमकुम गुप्ता, आशा गुप्ता, उमा गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता, विनोद गुप्ता सीए सहित सकल वैश्य समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।
हमारा पूरा परिवार देश सेवा के लिए समर्पित है और सत्य के मार्ग पर है: डॉ. सुबोध गुप्ता
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध गुप्ता एवं उनकी माताजी श्रीमती सत्यवती गुप्ता ने बताया कि लगभग 6 दिन पहले कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों (मथुरा व आसपास के लोगों) ने उनके घर पर आकर आपत्ति जताई थी, उपद्रव किया था और घर को अशुद्ध किया था।उन्हें धमकाया गया और हाथ-पैर तोड़ने की बात कही गई, लेकिन वे चुपचाप सत्य के साथ खड़े रहे।ज्ञानेश कुमार (अपने पुत्र) की सराहना करते हुए कहा कि वे और उनका पूरा परिवार देश सेवा के लिए समर्पित हैं और सत्य के मार्ग पर हैं। विपक्षी विरोध के बाद घर का गंगाजल एवं पवित्र जल से छिड़काव व धोकर शुद्धिकरण किया जा रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव जीतने पर विपक्ष कुछ नहीं बोलता, लेकिन हारने या अन्य स्थितियों में SIR (स्पेशल समरी रिवीजन) पर सवाल उठाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR प्रक्रिया नियमानुसार और सभी के साथ मिलकर पूरी की जाती है।
महिलाओं ने सनातन परंपरा के अनुसार अनोखे अंदाज में किया विरोध
आगरा के विजयनगर स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त के पैतृक निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कालिख पोतने और विरोध जताने की घटना के बाद स्थानीय महिलाओं ने अनोखे अंदाज में अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। विरोधी कृत्य का जवाब देने के लिए वैश्य समाज के साथ क्षेत्र की महिलाओं ने एकत्रित होकर आवास परिसर में गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किया। इसके साथ ही, महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और सुंदरकांड का धार्मिक पाठ आयोजित किया।
 कार्यक्रम संयोजक श्रीमती उपमा गुप्ता ने कहा कि घर में रहने वाले लगभग 90 वर्षीय बुजुर्ग माता-पिता इस घटनाक्रम से काफी आहत हुए हैं। महिलाओं ने धार्मिक आयोजन के माध्यम से बुजुर्ग माता-पिता की दीर्घायु और मुख्य चुनाव आयुक्त की सफलता व राष्ट्रसेवा के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कांग्रेस के उग्र प्रदर्शन का जवाब सनातन परंपरा के अनुसार धर्मिक आयोजन द्वारा दिया गया है।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments