Agra News: खबरें आगरा की.....
त्योहारों से पहले छोटे नोट-सिक्कों की किल्लत, फेम ने आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा को लिखा पत्र
आगरा, 27 अक्टूबर। दीपावली और आगामी शादी-विवाह सीजन से पहले बाजार में छोटी करेंसी की भारी किल्लत को लेकर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (फेम) ने भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा को पत्र लिखकर अतिशीघ्र संज्ञान लेने की मांग की है।
फेम के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह सोबती द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बाजार में 5, 10, 20, 50 रुपये के छोटे नोट और 1, 2, 5 व 10 रुपये के सिक्के उपलब्ध नहीं हैं। इससे खुदरा व्यापारियों और उपभोक्ताओं को लेन-देन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में कहा गया है कि त्योहारी सीजन में बाजार में नकदी का प्रवाह बढ़ जाता है, ऐसे में छोटी करेंसी की अनुपलब्धता व्यापार को प्रभावित कर रही है।
फेडरेशन ने मांग की है कि आरबीआई सभी बैंकों की शाखाओं को त्योहार से पूर्व समुचित मात्रा में छोटे नोट और सिक्के उपलब्ध कराने के निर्देश जारी करे। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बैंकों की शाखाओं में कटे-फटे नोटों को बदलने में आनाकानी की जा रही है। फेम ने इस संबंध में भी सभी बैंक शाखाओं को कटे-फटे नोट बदलने के लिए निर्देशित करने की मांग की है।
________________________________________
त्योहारी सीजन में विभागीय सर्वे से व्यापारियों में आक्रोश, चैम्बर ने दी आंदोलन की चेतावनी
आगरा, 27 अक्टूबर। त्योहारों के सीजन में विभिन्न विभागों द्वारा व्यापारिक और औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर किए जा रहे सर्वे के विरोध में नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स ने कड़ी नाराजगी जताई है और उत्पीड़न बंद न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित आपात बैठक में खाद्य प्रसंस्करण विभाग सहित कई विभागों द्वारा अचानक सर्वे की कार्रवाई की निंदा की गई। बैठक में कहा गया कि त्योहारों के समय व्यापारियों का कारोबार चरम पर होता है। ऐसे में अचानक सर्वे से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं, व्यापारियों में भय और उत्पीड़न की स्थिति बनती है और उपभोक्ताओं के सामने उनकी प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। चैम्बर ने कहा कि अक्सर हिंदू त्योहारों के सीजन में ही खाद्य प्रसंस्करण, श्रम, अग्निशमन, जीएसटी-एसजीएसटी और प्रदूषण नियंत्रण सहित कई विभागों की टीमें बनाकर सर्वे किया जाता है। नियमों का पालन जरूरी है, लेकिन त्योहारों में इस तरह की कार्रवाई से अनावश्यक व्यवधान नहीं होना चाहिए। बैठक में नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, अनिल वर्मा, शलभ शर्मा, सचिन सारस्वत, धर्मगोपाल मित्तल उपस्थित रहे।
________________________________________
41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल के लिए यूपी की बेटियां पुणे रवाना, आगरा की तीन खिलाड़ी टीम में
आगरा, 27 अक्टूबर। महाराष्ट्र के पुणे में 27 अक्टूबर से तीन नवंबर तक होने वाली 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की बालिका टीम रवाना हो गई। यूपी की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
टीम में प्रदेश के विभिन्न जिलों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है।- *बुलंदशहर:* साधना, आराध्या, अनुष्का कश्यप, *आगरा:* दीपिका, हर्षिता, दीक्षा, *मेरठ:* कनिष्का, प्रिया, - *बनारस:* कामना, *लखनऊ:* अनुष्का पांडा, *हापुड़:* दीया, *प्रयागराज:* मनु
टीम के मुख्य प्रशिक्षक श्यामवीर सिंह और सहायक प्रशिक्षक कन्हैया पाठक हैं। टीम की घोषणा के अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव डॉ. हरि सिंह यादव और संयुक्त सचिव डॉ. रीनेश मित्तल उपस्थित रहे।
________________________________________
तेरे राम मेरे राम: भजनांजलि कार्यक्रम में राम-वाल्मीकि के साहित्यिक जीवन पर विमर्श
आगरा, 27 अक्टूबर। भारतीय बैंकर्स क्लब के तत्वावधान में ग्रीन हाउस, भोगीपुरा में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर ‘तेरे राम मेरे राम’ भजनांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ। महर्षि वाल्मीकि और उनके आराध्य श्रीराम को समर्पित गीतों और रचनाओं की प्रस्तुति हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुमारी पूजा तोमर द्वारा मां सरस्वती वंदना से हुआ। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ कवि डॉ. राजेंद्र मिलन ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि हम सबके प्रेरणास्रोत हैं, जो बताते हैं कि मन बदलने से व्यक्ति क्या से क्या बन सकता है। चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि वाल्मीकि आश्रम ही लव-कुश की शिक्षा का केंद्र था, जो प्रकृति के निकट रहने का संदेश देता है। अध्यक्षता कर रहीं प्रो. वीना शर्मा ने विनय पत्रिका से ‘राम जपु बावरे’ का पाठ किया। मुख्य अतिथि डॉ. नीलम भटनागर ने कहा, ‘स्वांस-स्वांस में राम धुन गुंजाए जा, मैं को मिटा राम सुमिर करे जा।’ कार्यक्रम में डॉ. यशोयश, डॉ. असीम आनंद, हरीश भदौरिया, डॉ. सुषमा सिंह और चंद्रशेखर शर्मा ने राम को समर्पित गीत और भजन प्रस्तुत किए। संचालन सुशील सरित ने किया और धन्यवाद असीम आनंद ने दिया। इस अवसर पर अक्षय कुमार, जगमोहन गुप्ता, नीलम शर्मा मौजूद रहे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments