एमएलसी चुनाव में धांधली का आरोप: कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की
आगरा, 27 अक्टूबर। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और उत्तर प्रदेश में हाल ही में संपन्न एमएलसी चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे और निष्पक्ष निर्वाचन आयोग की पुनर्स्थापना की मांग की है।
जिला कांग्रेस कार्यालय पर मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एआईसीसी पर्यवेक्षक आबिद कश्मीरी ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत निर्वाचन आयोग को पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष रहना चाहिए, लेकिन आज आयोग सत्ताधारी दल के हित साधने का माध्यम बन रहा है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यूपी एमएलसी चुनावों में सत्ताधारी दल ने सरकारी तंत्र, पुलिस बल और असामाजिक तत्वों का इस्तेमाल कर विपक्षी समर्थकों को डराया-धमकाया, बूथों पर कब्जा किया और मतदान प्रतिशत में फर्जीवाड़ा किया।
कांग्रेस की पांच प्रमुख मांगें
1. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का तत्काल इस्तीफा
2. देशभर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक और स्वतंत्र जांच
3. गलत तरीके से काटे गए 13.3 करोड़ मतदाता नामों की बहाली
4. सुप्रीम कोर्ट के सेवारत जज की अध्यक्षता में समयबद्ध जांच
5. सभी दलों को मशीन रीडेबल डिजिटल मतदाता सूची उपलब्ध कराना
पार्टी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर वार्ड और ब्लॉक में जाकर प्रारूप मतदाता सूची की जांच और गलत तरीके से काटे गए नामों को चिह्नित करने में नागरिकों की मदद करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, हाजी सलीम, जुगल किशोर शर्मा, अश्वनी जैन, नम्रता दान, राम टंडन, मीडिया प्रभारी याकूब शेख सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments