Agra News: खबरें आगरा की.....

जीएसटी काउंसिल के राहत भरे फैसलों पर नेशनल चैम्बर ने जताया हर्ष
आगरा, 08 अक्टूबर। जीएसटी काउंसिल की 57वीं बैठक में 'जीएसटी 2.0' और अनुपालन सुधारों पर लिए गए फैसलों पर नेशनल चैम्बर ने हर्ष व्यक्त किया।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल और जीएसटी प्रकोष्ठ चेयरमैन अमर मित्तल ने बताया कि दर युक्तिकरण के बाद प्रक्रियाओं को सरल बनाना स्वागत योग्य है। बैठक में सप्लायर डिफॉल्ट पर खरीदार के ITC को सीधे ब्लॉक न करना, ब्लॉक ITC (धारा 17(5)) की समीक्षा, मामूली विसंगतियों पर नोटिस के लिए थ्रेशोल्ड तय करना, धारा 125 के तहत जुर्माना 25 हजार से घटाकर 10 हजार करना, छोटे व्यापारियों को लेट फीस में रियायत, इनवर्टेड ड्यूटी में रिफंड को ऑटोमेटेड और तेज करना, 3 दिन में पंजीकरण और ई-इनवॉइसिंग की तकनीकी बाधाएं दूर करने जैसे निर्णय लिए गए।
हर्ष जताने वालों में नितेश अग्रवाल, अंबा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल रहे।
____________________________________
व्यापारियों की समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल ने सीएम योगी से की भेंट
आगरा, 08 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने किया। इसमें प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद्र धीमान, प्रदेश संगठन मंत्री एसपी वर्मा, आगरा मंडल प्रभारी पंकज अग्रवाल और महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महामंत्री निधि अग्रवाल शामिल रहीं।
____________________________________
बालिकाओं को पॉक्सो, गुड टच-बैड टच और विधिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक
आगरा, 08 अक्टूबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार-I ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, आकोला और पूर्व माध्यमिक विद्यालय मलपुरा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, शिक्षा का अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें किसी भी समस्या पर बिना डर के सहायता लेने और परीक्षा में तनावमुक्त रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ABSA उमेश गौतम, प्रधानाचार्या भावना मौजूद रहीं।
इसके बाद राजकीय सम्प्रेक्षण गृह सिरौली में किशोरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और विधिक अधिकारों व मोटिवेशन पर चर्चा की गई।
____________________________________
मुंबई में 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के पोस्टर का विमोचन
मुंबई/आगरा, 08 अक्टूबर। आगरा में 16 से 18 नवंबर को होने वाले 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 के पोस्टर का विमोचन मुंबई के संस्कृति प्रोडक्शन हाउस में फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी में हुआ।
गीतकार सुधाकर शर्मा, फेस्टिवल डायरेक्टर सूरज तिवारी, जितेंद्र शर्मा, ईशान नकवी, हेमेंद्र दंडोतिया, सनी कपूर, रामा मेहरा, सुरभि आर्या, रूबी आनंद, रूपाली शर्मा ने संयुक्त रूप से पोस्टर जारी किया। सूरज तिवारी ने बताया फेस्टिवल में 20 देशों की फीचर, शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन, AI फिल्म और म्यूजिक वीडियो दिखाई जाएंगी। इस वर्ष मुख्य आकर्षण अभिनेत्री ममता कुलकर्णी होंगी। फेस्टिवल में पैनल डिस्कशन और संवाद सत्र भी होंगे।
____________________________________
UPI पर चार्ज और GST के विरोध में व्यापार मंडल ने कसी कमर, 15 को मनाएगा काला दिवस
आगरा, 08 अक्टूबर। UPI ट्रांजेक्शन पर चार्ज और उस पर 18% GST लगाने के प्रस्ताव के विरोध में आगरा व्यापार मंडल ने मोर्चा खोल दिया है।
नूरी गेट पर हुई बैठक में व्यापारियों ने इसे तुगलकी फरमान बताते हुए विरोध जताया। तय हुआ कि 10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी के माध्यम से वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 15 अक्टूबर को यूपी के सभी जिलों में काला दिवस मनाया जाएगा। आगरा में सभी बाजारों में काले झंडे लगाकर विरोध होगा। व्यापारियों ने कहा किसी भी कीमत पर UPI पर चार्ज नहीं देंगे।
बैठक में जय पुरसनानी, अशोक मंगवानी, राकेश बंसल, नरेंद्र बंसल, राजेश सिंघल, नितेश अग्रवाल, जयप्रकाश अग्रवाल, संदीप गुप्ता सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।
____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments