डीएम के सख्त रुख के बाद मेट्रो ने तेज किया सड़क निर्माण, एमजी रोड पर हटाई बैरिकेडिंग, जाम से मिलेगी राहत
आगरा, 22 सितंबर। जिलाधिकारी मनीष बंसल के कड़े निर्देशों के बाद यूपीएमआरसी ने शहर में सड़क सुधार कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। बारिश और जलभराव से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के साथ ही अनावश्यक बैरिकेडिंग हटाने का काम तेज किया गया है, जिससे जाम से राहत मिलेगी और यातायात सुगम होगा।
प्रशासन के अनुसार मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत जहां यू-गर्डर रखे जा चुके हैं या पिलर का निर्माण पूरा हो गया है, वहां बैरिकेडिंग हटाकर सड़क निर्माण कराया जा रहा है। सर्वाधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों आगरा कॉलेज, रावली मंदिर, कलेक्ट्रेट और एमजी रोड को प्राथमिकता पर गड्ढामुक्त किया जा रहा है।
आगरा कॉलेज से धाकरान रोड तक सड़क को गड्ढामुक्त कर कारपेटिंग और रोलर वर्क का कार्य किया गया है। सोमवार रात एमजी रोड पर पिलर संख्या 186 से 171 तक एक साइड का कार्य पूर्ण कर लिया गया। शेष हिस्से पर मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
जिलाधिकारी ने मेट्रो अधिकारियों को तलब कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए सड़क सुधार में तेजी लाई जाए और जहां भी अनावश्यक बैरिकेडिंग है, उसे तत्काल हटाया जाए। डीएम ने कहा था कि एमजी रोड सहित शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर गड्ढामुक्त और मरम्मत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यूपीएमआरसी अधिकारियों ने बताया कि एमजी रोड पर आगरा कॉलेज से धाकरान तक कारपेटिंग शुरू कर दी गई है और रोलिंग वर्क प्रगति पर है। निर्माण पूरा होते ही सभी प्रमुख मार्गों को सुगम बना दिया जाएगा, जिससे शहरवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments