70 साल की उम्र में प्यार, 62 साल की पत्नी ने पति पर लगाया दूसरी महिला से संबंध का आरोप, एफआईआर दर्ज

आगरा, 18 सितम्बर। कहते हैं प्यार की कोई उम्र नहीं होती, लेकिन शाहगंज में यही प्यार एक बुजुर्ग दंपति के बीच विवाद की वजह बन गया। 62 साल की पत्नी ने 70 साल के पति पर दूसरी महिला से संबंध रखने, घर का खर्च बंद करने और मारपीट का आरोप लगाया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वायु विहार रोड निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा और बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी तलाकशुदा है और मां के साथ रहती है।
महिला का आरोप है कि करीब दो साल पहले तक सब ठीक था, फिर पति का व्यवहार अचानक बदल गया। महिला के मुताबिक पति का उसी इलाके की एक अन्य महिला से कथित तौर पर प्रेम संबंध है। आरोप है कि वह महिला और उसके साथ रह रहा एक व्यक्ति पति को अपने वश में रखते हैं।
पत्नी का कहना है कि पति रिटायर हैं और पेंशन आती है। पहले घर खर्च वही चलाते थे, लेकिन अब पूरी पेंशन दूसरी महिला के कहने पर खर्च कर देते हैं। घर का राशन-पानी तक देना बंद कर दिया। मांगने पर कहते हैं कि एक रुपया नहीं दूंगा।
जब पत्नी ने इसका विरोध किया तो घर में रोज झगड़ा होने लगा। आरोप है कि पति ने गाली-गलौज की, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और हाथापाई भी की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसमें मारपीट की घटना रिकॉर्ड है। उन्होंने कैमरे की फुटेज को सबूत के तौर पर पेश करने की बात कही है।
शाहगंज पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति, कथित प्रेमिका और उसके साथी समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयान के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
__________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments