तेज रफ्तार के कारण गई कार सवार दो दोस्तों की जान, आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर पेड़ से टकराई

आगरा, 22 सितंबर। फतेहाबाद मार्ग पर टंकी चौराहे के पास सोमवार देर रात ही सड़क दुर्घटना में दो दोस्तों की जान चली जाने के पीछे कार की अत्यधिक तेज रफ्तार होना बताया गया है। 
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दोनों मृतक एक कार में सवार थे। यह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसा विगत रात करीब 11:30 बजे हुआ। 
पुलिस के अनुसार, निबोहरा थाना क्षेत्र के सलेमपुर धनगर निवासी गजेंद्र (28) पुत्र अजब सिंह अपने दोस्त जोगेंद्र उर्फ जुगनू (32) पुत्र चरन सिंह के साथ कार से आगरा से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर टंकी चौराहे के पास पहुंचे, कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर डौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments