आगरा में साइबर ठगी के दो और मामले, बीस लाख ठगे

आगरा, 28 सितम्बर। जिले में साइबर ठगी के दो बड़े मामले सामने आए हैं। एक मामले में ग्रीन गैस अपडेट के नाम पर एपीके फाइल भेजकर कारोबारी के खाते से छह लाख रुपये निकाले गए, तो दूसरे मामले में ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर सैन्यकर्मी से 14 लाख रुपये ठग लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला: ग्रीन गैस अपडेट के नाम पर छह लाख की ठगी
साइबर ठगों ने अब ग्रीन गैस अपडेट के नाम पर ठगी शुरू कर दी है। पीड़ित योगेश कुमार अग्रवाल के व्हाट्सएप पर ग्रीन गैस अपडेट का मैसेज आया। मैसेज में एक एपीके फाइल डाउनलोड करने को कहा गया।
जैसे ही उन्होंने फाइल इंस्टॉल की, मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो गई। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर ठगों ने उनकी फर्म आरके मिनरल्स के खाते से करीब छह लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बैंक ट्रांजेक्शन और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है।
 
दूसरा मामला: ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर सैन्यकर्मी से 14 लाख ठगे
दूसरा मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र का है। सैन्यकर्मी सचिन कुमार ने आरोप लगाया कि निवेश और ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर छह लोगों ने उनसे 14 लाख रुपये ले लिए। उनके साथी यश गुप्ता से भी छह लाख रुपये लेने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने फर्जी कंपनियों के नाम पर कम समय में ज्यादा रिटर्न का भरोसा दिलाया। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। सदर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लेनदेन और कंपनियों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
_______________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments