यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस में आग, नौ यात्री जिंदा जले

ग्रेटर नोएडा, 24 सितंबर। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर के निकट बुधवार की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास 35 किमी माइलस्टोन पर दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रेवल्स की डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। हादसे में अंदर फंसे नौ यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये व घायलों को 50-50 हजार रुपये को आर्थिक मदद का ऐलान किया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बस जब एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास पहुंची तो चालक को इंजन की तरफ से आग की लपटें उठती दिखीं। चालक ने तुरंत बस को ओवरटेकिंग लेन से सोल्डर पर खड़ा किया और आग बुझाने का प्रयास किया। आग तेजी से फैलने पर चालक-परिचालक ने शोर मचाकर यात्रियों को बाहर निकलने को कहा। अफरा-तफरी के बीच 20 से अधिक यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई, लेकिन नौ यात्री अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी विकराल थी कि शव बुरी तरह जलकर कंकाल बन गए। करीब पांच घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बस की बॉडी काटकर शवों को बाहर निकाला गया। आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आग के दौरान बस से पटाखे जैसे फटने की आवाज आने की बात कही है। चालक-परिचालक को हिरासत में लेकर केस दर्ज किया गया है।
आग की भीषणता को देखते हुए जेवर टोल और एयरपोर्ट इंटरचेंज पर तीस मिनट तक ट्रैफिक रोका गया। इस दौरान दो कारें आपस में टकरा गईं। 
______________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments