आगरा में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर कांग्रेस का हंगामा, गेट पर पोती कालिख
आगरा, 28 सितम्बर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर कॉलोनी स्थित पैतृक आवास पर सोमवार की सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य गेट पर कालिख पोत दी और काले पेंट से 'ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं' लिख दिया। इसके बाद गेट के बाहर नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वान्ह करीब 11 बजे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव अनिल यादव और मथुरा के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने काले रंग के स्प्रे से ज्ञानेश कुमार के घर के गेट पर अभद्र शब्द लिखे।
अनिल यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी, पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल के निर्णयों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की। मुकेश धनगर ने कहा कि पात्र मतदाता का नाम हटाना लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला है।
प्रदर्शन में उमेश शर्मा, विक्रम वल्मीकि, मनोज गौड़, नरेंद्र शर्मा, पंकज चौधरी, शैलेंद्र चौधरी, आदित्य तिवारी, विपुल पाठक, बालवीर प्रधान, हाकिम सिंह छोकर, करण निषाद, राजा गौतम, धर्मेंद्र सिंह प्रधान, अमित दीक्षित, संदीप आदि मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद नहीं था। कार्यकर्ता कुछ देर नारेबाजी करने के बाद वहां से चले गए। उनके जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गेट पर पोती गई कालिख और लिखे गए शब्दों को साफ कराया।
आवास पर कालिख पोते जाने की घटना के फोटो व वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे फोटो और वीडियो तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है।
पैतृक आवास पर प्रदर्शन के बाद आगरा महानगर कांग्रेस के नेताओं ने सुभाष पार्क से कलक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला। इसमें मथुरा से आए कांग्रेस पदाधिकारी और संगठन महासचिव अनिल यादव भी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments