यूजीसी बिल के विरोध में अब राजपुर चुंगी बाजार बंद कर निकाला मार्च, एत्मादपुर में पांचवें दिन भी धरना
आगरा, 22 सितम्बर। यूजीसी बिल के विरोध में जिले में सवर्ण समाज का आक्रोश तेज होता जा रहा है। एत्मादपुर के बाद अब शमसाबाद रोड और राजपुर चुंगी में भी प्रदर्शन ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार को राजपुर चुंगी व्यापारियों ने सुबह प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध जताया और यूजीसी रोल बैक की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला।
राजपुर चुंगी में सुबह से ही आंदोलन का माहौल रहा। व्यापारियों ने धरना दिया और करीब 11 बजे इंदिरापुरम चौराहे से होटल अमर तक जुलूस निकाला। हाथों में बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिल पर उनकी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार हो।
उधर, प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे गोविंद पाराशर को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। आवास पर पुलिस तैनात कर उन्हें बाहर निकलने से रोका गया। इसके बाद समर्थकों ने घर को ही प्रदर्शन स्थल बना दिया और बैनर लहराकर नारेबाजी की।
एत्मादपुर के संवाई गांव में सवर्ण समाज संगठन और सिस्टम सुधार संगठन का धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। 18 सितंबर से चल रहे धरने का नेतृत्व अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर कर रहे हैं। रात में जनसंपर्क कर समर्थन जुटाया जा रहा है। पिछले 22 दिनों में एत्मादपुर में तीन बड़े प्रदर्शन हो चुके हैं।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments