Agra News: खबरें आगरा की...
BECC पटियाला ने सुखजीवन अकादमी को 4 विकेट से हराया
आगरा, 22 सितम्बर। सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी मैदान पर जूनियर बॉयज फ्रेंडशिप सीरीज के दूसरे मैच में BECC पटियाला ने सुख जीवन अकादमी को चार विकेट से हरा दिया। इससे तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सुखजीवन की टीम 30 ओवर में 79 रन पर ऑलआउट हो गई। अर्नब कुनेल ने 25 और अरब जैन ने 21 रन बनाए। पटियाला के यशराज और रवित ने 3-3 विकेट लिए।नजवाब में पटियाला ने 13.3 ओवर में 6 विकेट पर 80 रन बनाकर जीत दर्ज की। गुफराज सिंह ने 25 और प्रिंस ने 26 रन बनाए।
मुख्य अतिथि बलदेव भटनागर और लक्ष्मण स्वरूप यादव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। अकादमी के निदेशक राजीव सोई ने स्वागत किया। इस दौरान दोनों टीमों ने पौधारोपण भी किया। निर्णायक मैच बुधवार सुबह 7:30 बजे खेला जाएगा।
_________________________________________
दयालबाग में DSC-NSC 2026 सम्मेलन का दूसरा दिन, देश-विदेश के विद्वानों ने रखे विचार
आगरा, 22 सितम्बर। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में आयोजित 8वें अंतरराष्ट्रीय DSC और 49वें राष्ट्रीय प्रणाली सम्मेलन NSC 2026 का दूसरा दिन सोमवार को ज्ञानवर्धक सत्रों के साथ सम्पन्न हुआ।
दिन की शुरुआत NSC के 14 व्याख्यानों से हुई। जर्मनी के कील विश्वविद्यालय के प्रो. वोल्फगैंग दुशल ने "क्या हम विस्तारशील चक्रीय ब्रह्मांड में रहते हैं?" विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। युवा शोधकर्ता मंच में USA के डॉ. अपूर्व मूर्ति ने मस्तिष्क और चेतना, कनाडा के डॉ. अनुराग मूर्ति ने भौतिक नेटवर्क पर विचार रखे।
लंच के दौरान पोस्टर सत्र और नेटवर्किंग चर्चा हुई। सायं सत्र में जर्मनी के प्रो. एंड्रियास नेहरिंग ने ज्ञान, धर्म और वैश्विक चेतना पर, प्रो. विश्वनाथन रमेश ने सामाजिक-तकनीकी प्रणाली पर व्याख्यान दिया। अंत में छह शोधकर्ताओं ने शोध पत्र प्रस्तुत किए।
_________________________________________
विहिप के स्थापना दिवस की तैयारी, चार अक्टूबर को होगा विशेष कार्यक्रम
आगरा, 22 सितम्बर। विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस को लेकर सोमवार को विवेकानंदपुरम में बैठक हुई। बबीता पाठक के निवास पर आयोजित बैठक में चार अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता प्रांत संगठन मंत्री राजेश रहे। उन्होंने बताया कि विहिप की स्थापना 1964 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हिंदू समाज को संगठित करने और संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से हुई थी। बैठक में विहिप के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल के योगदान को याद किया गया। राम जन्मभूमि आंदोलन सहित विभिन्न अभियानों में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
बबीता पाठक ने बताया कि चार अक्टूबर के कार्यक्रम में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मातृशक्ति शामिल होंगी। इस दौरान संस्कार भारती के प्रांत महामंत्री नंद नंदन गर्ग, वंदना सिंह, राहुल जोशी, सुनील, रवि त्रिलोकी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
_________________________________________
AI और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग पर कार्यशाला, 47 स्कूलों ने लिया हिस्सा
आगरा, 22 सितम्बर। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में सोमवार को CBSE सेंटर ऑफ एक्सीलेंस नोएडा के तहत कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं AI पर पहला डिस्ट्रिक्ट लेवल डेलीब्रेशन आयोजित हुआ।
कक्षा तीन से आठ में CT और AI के एकीकरण पर केंद्रित कार्यशाला में जिले के 47 स्कूलों ने भाग लिया, 15 स्कूलों ने केस स्टडी पेपर प्रस्तुत किए। मूल्यांकन रोहित सिंह, निधि जैन और गौरव अरोड़ा की कमेटी ने किया।
प्रिल्यूड के विक्रम प्रताप सिंह को प्रथम स्थान मिला, लेकिन मेजबान होने के नाते उन्होंने स्थान गायत्री पब्लिक स्कूल को सौंप दिया। गायत्री प्रथम, कर्नल ब्राइटलैंड द्वितीय और सन फ्लावर तृतीय रहे। निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि CT और AI भविष्य की शिक्षा के आधार हैं। प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल ने मेजबानी को गौरव बताया। संचालन पुनीत दत्ता ने किया।
_________________________________________
नि:शुल्क कैंप में 20 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श
आगरा, 22 सितम्बर। चन्द्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट एवं अमृता हॉस्पिटल फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में खतैना रोड, प्रताप नगर में मंगलवार को निशुल्क कंधा, कोहनी एवं स्पोर्ट्स सर्जरी मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप में अमृता हॉस्पिटल के अपर लिंब एंड स्पोर्ट्स सर्जरी डॉ. प्रियदर्शी अमित ने मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि कैंप में कुल 21 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 20 मरीजों ने चिकित्सकीय परामर्श एवं उचित उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त किया।विशेषज्ञ परामर्श के माध्यम से मरीजों को अपनी समस्या को समझने और समय पर उचित उपचार कराने के प्रति जागरूक किया गया। रमेश चंद्र अग्रवाल ने संस्था की जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी।
आयोजन में राजीव जैन, सचिन गोयल, राजकुमार गर्ग, निधि विनय अग्रवाल व नंदकिशोर गोयल आदि का सहयोग रहा।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments