मंदिर के सेवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या की आशंका

आगरा, 25 सितंबर। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव सहाई में मंदिर के सेवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह धर्मवीर पुत्र दिगंबर सिंह (45) का शव गांव के बाहर स्थित एक प्लॉट के कमरे में पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, धर्मवीर अविवाहित थे और पिछले कई वर्षों से गांव के मंदिर की सेवा करते थे। वे रोज भजन-कीर्तन करते और गांव की परिक्रमा लगाते थे। स्वभाव से शांत और धार्मिक प्रवृत्ति के थे। कुछ लोगों का कहना है कि वह वह प्रॉपर्टी डीलर का भी काम करते थे।
परिजनों का कहना है कि रोज की तरह शुक्रवार की सुबह नौ बजे वे पशुओं के लिए सानी करने नहीं पहुंचे। काफी देर तक इंतजार के बाद खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान रोड किनारे स्थित उनके प्लॉट पर बाहर से कुंडी लगी मिली।
भतीजे सौरभ सोलंकी ने बताया कि चाचा को फोन लगाया तो अंदर कमरे से फोन की घंटी सुनाई दी। शक होने पर छत के रास्ते अंदर देखा तो कमरे की कुंडी बाहर से लगी थी, जबकि मुख्य गेट की कुंडी अंदर से बंद थी। अंदर धर्मवीर का शव पड़ा हुआ था।
सूचना पर डीसीपी पश्चिम आदित्य कुमार, एसीपी और थाना अछनेरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीमों ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। 
____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments