Agra News-2 खबरें आगरा की-2....
मुस्लिम युवती ने उर्दू में लिखी मोरारी बापू की कथा की अनुभूति
आगरा, 24 सितम्बर। रामकथा और गंगा-जमुनी तहजीब का अनूठा संगम शहर में देखने को मिला। मोरारी बापू की कथा सुनने आईं मनोविज्ञान शोधार्थी राहत जहाँ खानम ने कथा के भावों को उर्दू में लिखना शुरू किया।
राहत प्लेसमेंट क्षेत्र से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि कथा के दौरान महसूस हुए आध्यात्मिक भावों को उन्होंने उर्दू में पिरोया। उनकी चार दिन की रचनाओं का व्यासपीठ से पाठ भी किया गया। उनकी रचनाओं में कथा प्रसंगों को प्रेम, करुणा और मानवता के रूप में प्रस्तुत किया गया है। राहत ने कहा, रामकथा किसी एक धर्म तक सीमित नहीं, यह प्रेम और आत्मबोध का संदेश है।
राहत आगे इसे संकलित कर साहित्यिक रूप देना चाहती हैं।
______________________________________
पीएम मोदी की दीर्घायु के लिए सांसद नवीन जैन रखेंगे निर्जल उपवास
आगरा, 24 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चल रहे सेवा संकल्प पखवाड़े के तहत राज्यसभा सांसद नवीन जैन 25 सितंबर को निर्जल उपवास रखेंगे। सांसद ने कहा, प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और कुशल मंगल के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए यह उपवास आध्यात्मिक संकल्प के रूप में रखा जाएगा। उनके नेतृत्व में देश विकास और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, उपवास के दौरान पूरे दिन प्रार्थना करूंगा। साथ ही ईश्वर से विपक्ष को सद्बुद्धि देने की भी कामना करूंगा ताकि सभी राष्ट्रहित में सहयोगी बनें।
______________________________________
राष्ट्रीय डायमंड बॉल प्रतियोगिता के लिए यूपी टीम का चयन, मोहित और प्रिया को मिली कप्तानी
आगरा, 24 सितम्बर। आंध्र प्रदेश में 26 से 29 सितंबर तक होने वाली प्रथम सब-जूनियर डायमंड बॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता और फेडरेशन कप के लिए उत्तर प्रदेश टीम का चयन 24 सितंबर को संपन्न हुआ।
टीम में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के साथ बरेली, अलीगढ़, मैनपुरी, लखनऊ, फिरोजाबाद समेत कई जिलों के खिलाड़ी चुने गए। चयन फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर हुआ।
बालक वर्ग में मोहित दिवाकर को कप्तान और प्रशांत चौहान को उपकप्तान बनाया गया है। बालिका वर्ग में प्रिया बघेल कप्तान और आशी चांदला उपकप्तान होंगी।
एसोसिएशन महासचिव दिलीप शर्मा, प्रधानाचार्य मानवेंद्र सिंह, के.पी. सिंह यादव, डॉ. देश दीपक कुलश्रेष्ठ सहित खेल प्रेमियों ने टीम को शुभकामनाएं दीं।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments