आगरा में अवैध धर्मांतरण रैकेट का खुलासा, चार गिरफ्तार; सिग्नल एप पर 200 लोगों का नेटवर्क

आगरा, 24 सितम्बर। थाना सैंया क्षेत्र के जोधपुरा गांव में बीमारी दूर करने और रुपये का लालच देकर अवैध धर्मांतरण कराने के बड़े रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। इंटेलीजेंस ब्यूरो की सूचना पर सैंया पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनीत वेदी निवासी जयपुर, बंटू निवासी धौलपुर, मुखराज निवासी थाना खेरागढ़ और प्रताप निवासी थाना सैंया के रूप में हुई। चारों के खिलाफ सैंया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य ने मीडिया को बताया कि चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और सिग्नल ग्रुप से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि बुधवार की रात प्रताप के घर में उसके बेटे के जन्मदिन के बहाने गांव की महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोगों को एकत्र किया गया था। वहां बीमारियों के उपचार और चमत्कार के नाम पर धर्मांतरण की तैयारी चल रही थी। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने एक साल पहले प्रताप की मां चंद्रवती का धर्मांतरण कराकर उसे ईसाई बनाया था।
सिग्नल एप से चल रहा था पूरा नेटवर्क
जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी बातचीत के लिए वाट्सएप का इस्तेमाल नहीं करते थे। वे सिग्नल एप पर बने ग्रुप के जरिए जुड़े थे। इस ग्रुप में दो सौ से अधिक लोग जुड़े हैं, पचास लोग अकेले आगरा के हैं। इनमें सबसे ज्यादा सदस्य सिकंदरा आवास विकास कॉलोनी और एत्माद्दौला क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
मुख्य आरोपी जयपुर निवासी विनीत वेदी पिछले करीब दस साल से अवैध धर्मांतरण के काम में सक्रिय है। उस पर पहले भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
_______________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments