आगरा में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के तीखे तेवर- "वोट चोरी करके बनाई जा रही सरकार, चढ़ावा चोरों को बचाया जा रहा" || सम्मान समारोह में शिक्षकों का किया सम्मान

आगरा, 26 सितंबर। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय शनिवार को आगरा दौरे पर रहे। एमजी रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला बोला और कहा कि देश में वोट चोरी करके सरकार बनाई जा रही है।
अजय राय ने कहा कि वाराणसी लोकसभा चुनाव में पहले सात राउंड तक मैं आगे चल रहा था। दोपहर 12 बजे चुनाव आयोग ने वेबसाइट बंद कर दी और शाम चार बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 1.52 लाख वोटों से विजयी घोषित कर दिया। हरियाणा, बिहार, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में चुनाव आयुक्त के जरिए वोट चोरी कर बीजेपी की सरकार बनाई गई है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कहा कि इसमें चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा की मिलीभगत है। आरएसएस के नेताओं को बचाया जा रहा है, पूरे मामले की जांच कराई जाए। सपा से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने स्तर पर संगठन को मजबूत कर रही है और गठबंधन का फैसला हाईकमान लेगा। यूजीसी बिल पर वे टालमटोल जवाब देते नजर आए। संगठन के पुनर्गठन के मुद्दे पर उन्होंने कहाकि शीघ्र ही यह कार्य पूरा कर लिया जायेगा। 
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के "सृजन कार्यक्रम" से प्रदेश में संगठनात्मक स्तर पर व्यापक बदलाव आएगा। 
प्रेस वार्ता से पहले अजय राय शहीद जवान के आवास पर पहुंचे और शहीद के परिजनों से मुलाकात की।
अजय राय की अगवानी करने वालों में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह सिकरवार, राम टंडन, अश्वनी जैन, राजीव गुप्ता, मनोज जैन वोहरा, डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ, अनिल शर्मा, डॉ मधुरिमा शर्मा सहित अनेक कांग्रेसजन शामिल थे। 
 
500 शिक्षक सम्मानित
इसके बाद अजय राय ने वॉइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित 15वें शिक्षक एवं स्नातक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने उनका स्वागत किया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 500 शिक्षकों और वित्तविहीन स्कूल प्रबंधकों को सम्मानित किया गया, साथ ही 20 विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह में कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ प्रभारी अमित राय, आरटीआई प्रकोष्ठ प्रभारी पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, वरिष्ठ नेता रणवीर शर्मा मौजूद रहे। 
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस सृजन कार्यक्रम के जरिए संगठन को मजबूत कर रही है और वर्ष 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments