आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर उछली तेज रफ्तार कार; तीन की मौत, दो घायल
आगरा, 26 सितम्बर। यमुना एक्सप्रेस वे हो या लखनऊ एक्सप्रेस वे, दोनों सुपरफास्ट सड़क मार्गों पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शनिवार की सुबह करीब सवा बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि कार की पीछे की सीट पर बैठे तीनों लोग कार से उछलकर एक्सप्रेस वे के नीचे खाई में जा गिरे और उनकी जान चली गई।
बताया गया है कि कार दिल्ली से बलिया जा रही थी। कार को यशवंत पुत्र संजय तलवार निवासी दुर्गा पार्क, थाना डाबरी, दिल्ली चला रहे थे। कार में उनके साथ जयप्रकाश, चंद्रकांत, भूपेंद्र सिंह और कपिल सिंह सवार थे।
बताया गया है कि कार में कुल पांच लोग सवार थे। शनिवार की सुबह कार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डौकी क्षेत्र के बाजिदपुर के पास पहुंची। इसी दौरान करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही कार बेकाबू होकर एक्सप्रेसवे पर कई पलटियां खा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के पलटते ही पिछली सीट पर बैठे तीन लोग जयप्रकाश, भूपेंद्र सिंह, कपिल सिंह उछलकर एक्सप्रेसवे के नीचे खाई में जा गिरे। तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी और डौकी पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को एंबुलेंस से एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चालक यशवंत और चंद्रकांत गंभीर घायल हैं, जिन्हें सीएचसी से आगरा रेफर किया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments