.... और भाजपा पार्षद बैठ गए नगर आयुक्त के चैंबर में धरने पर!! बोले- छह माह से लंबित है शौचालय का प्रस्ताव

आगरा, 23 सितम्बर। नगर निगम में विकास कार्यों की फाइलों को लेकर भाजपा के नामित पार्षद सुनील करमचंदानी का गुस्सा मंगलवार को खुलकर सामने आ गया। करीब छह महीने से सार्वजनिक शौचालय निर्माण का प्रस्ताव लंबित होने से नाराज पार्षद नगर आयुक्त के चैंबर में ही जमीन पर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया। पार्षद ने अधिकारियों पर राजनीतिक भेदभाव का आरोप लगाया।
पार्षद के मुताबिक शाहगंज के रुई की मंडी क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक शौचालय की मांग की थी। इस पर उन्होंने विगत 21 अप्रैल को नगर निगम में प्रस्ताव दिया और प्रोजेक्ट फाइल तैयार कराई। आरोप है कि इसके बाद से वह लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई।
विवाद तब बढ़ा जब इसी क्षेत्र के लिए बसपा पार्षद कप्तान सिंह चाहर के प्रस्ताव पर तेजी से कार्रवाई करते हुए टेंडर आगे बढ़ा दिया गया। करमचंदानी का कहना है कि उनका प्रस्ताव पुराना था, फिर भी उसे नजरअंदाज किया गया। इससे यह संदेश गया कि विकास कार्यों में भी राजनीति देखी जा रही है।
आयुक्त के चैंबर में हंगामा, तीन फाइलों का खुलासा
नाराज पार्षद सीधे नगर आयुक्त के चैंबर में पहुंचे और जमीन पर बैठ गए। मामला बढ़ता देख नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग से पूरी जानकारी तलब की। जांच में सामने आया कि करीब 32 लाख रुपये के इसी काम के लिए विभाग ने तीन अलग-अलग फाइलें तैयार कर रखी थीं।
इस पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दो फाइलों में प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। काफी देर समझाने-बुझाने के बाद पार्षद को कुर्सी पर बैठाया गया और उनके प्रस्ताव पर शौचालय निर्माण की कार्रवाई आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया गया, तब जाकर उनका गुस्सा शांत हुआ।
आयुक्त बोले- पार्टी नहीं, जरूरत देखकर होता है काम
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम में विकास कार्यों की स्वीकृति किसी पार्टी को देखकर नहीं दी जाती। काम की जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर ही स्वीकृति दी जाती है। वहीं भाजपा पार्षद का कहना था कि यदि सत्ता पक्ष के पार्षद को ही अपनी सरकार में महीनों अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ें तो जनता में गलत संदेश जाता है। उन्होंने अधिकारियों पर 'बसपा मानसिकता' से काम करने का आरोप लगाया, हालांकि आयुक्त ने इस आरोप को स्वीकार नहीं किया।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments