यमुना में नहाने गया युवक डूबा, एक घंटे बाद मिला शव
आगरा, 23 सितम्बर। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में बुधवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्ट्रैची ब्रिज के नीचे यमुना नदी में नहाने गए 45 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। पैर अचानक गहरे गड्ढे में चले जाने से वह गहराई में समा गया। करीब एक घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद गोताखोरों ने शव बाहर निकाला।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान शेर सिंह (45) निवासी पीलीपोखर, थाना खंदौली के रूप में हुई। वह एत्माद्दौला के महल में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था। बुधवार सुबह करीब 8 बजे शेर सिंह यमुना में नहाने गया था। नहाते समय उसका पैर नदी के भीतर बने गहरे गड्ढे में चला गया और वह संतुलन खो बैठा।
किनारे मौजूद लोगों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाया, लेकिन गहराई ज्यादा होने से कोई उसे बचा नहीं सका।
सूचना पर रामबाग डिविजन चौकी प्रभारी आदित्य वाजपेयी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों को सूचना दे दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यमुना में कई जगह अचानक गहराई बढ़ जाती है, जिसकी जानकारी न होने से अक्सर हादसे होते हैं। बिना सुरक्षा के नदी में उतरना खतरनाक साबित हो रहा है।
_________________________________

Post a Comment
0 Comments