यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में चमका आगरा का हस्तशिल्प, HEA को मिला विशेष स्टॉल
आगरा, 26 सितम्बर। हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन आगरा के उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए राज्य सरकार ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में एसोसिएशन को विशेष स्टॉल प्रदान की है। यह प्रतिष्ठित व्यापार मेला 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के हजारों बायर्स आमंत्रित हैं।
इस स्टॉल पर आगरा के प्रसिद्ध हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन किया गया है। इसमें मुख्य रूप से स्टोन व मार्बल के उत्पाद, आगरा की विश्व प्रसिद्ध कला स्टोन इनले वर्क, जिसे भारत सरकार ने एसोसिएशन को जीआई टैग दिया है, और आगरा स्टोन कार्विंग वर्क सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं।
मेले के उद्घाटन सत्र में शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद के चेयरमैन राकेश कुमार ने कहा कि यह मेला यूपी के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाएगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अस्थाना व सचिव आशीष अग्रवाल ने बताया कि यह मेला निर्यात में आ रही बाधाओं से राहत दिलाएगा और नए निर्यातकों को कॉरपोरेट कंपनियों व विदेशी बायर्स से सीधे जुड़ने का मौका देगा। आगरा से 50 से अधिक उत्पादकों ने स्टॉल लगाई हैं, जिनमें 15 हस्तशिल्प निर्यातकों की हैं। ये ODOP, GI और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लगी हैं। संस्था की ओर से लाइजनिंग ऑफिसर विकास कुलश्रेष्ठ मेले में मौजूद हैं।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments