आगरा में जाम से निजात को ऑटो-ई-रिक्शा के लिए बनेगी जोनिंग व्यवस्था, मेट्रो तक बनेंगे फीडर रूट

आगरा, 22 सितम्बर। शहर में जाम की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी तैयारी शुरू की है। ऑटो और ई-रिक्शा के लिए जोनिंग व्यवस्था लागू की जाएगी, सभी के रूट निर्धारित होंगे और मेट्रो स्टेशनों तक पहुंच के लिए फीडर रूट विकसित किए जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक की। बैठक में डीएम ने ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए प्रस्तावित जोनिंग व्यवस्था, प्रमुख मार्गों पर इनके आवागमन को नियंत्रित करने और मेट्रो स्टेशनों तक यात्रियों की सुगम पहुंच के लिए फीडर रूट विकसित करने को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था और ऑटो-ई-रिक्शा संचालन की स्थिति पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि शहर में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। जरा-जरा सी देर में जाम लग जाता है और कई जगह लोग घंटों फंसे रहते हैं। इसे देखते हुए अब शहर को अलग-अलग जोन में बांटा जाएगा और हर जोन के लिए ऑटो व ई-रिक्शा के रूट तय किए जाएंगे।
सड़क सुरक्षा के मद्देनजर बैठक में ऑटो-ई-रिक्शा में यात्रियों के दाईं ओर से चढ़ने-उतरने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है, इसलिए दाईं ओर से प्रवेश-निकास को नियंत्रित करने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रस्तावित व्यवस्थाओं का तकनीकी और व्यावहारिक परीक्षण कर समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सुचारु होने के साथ-साथ मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments