Agra News: खबरें आगरा की....
एसीपी ने दिखाई मानवीयता, जमीन पर बैठकर सुनी महिला की फरियाद
आगरा, 28 सितम्बर। फतेहाबाद में एसीपी इमरान अहमद ने मानवीयता की मिसाल पेश की। पैर में फ्रैक्चर के चलते सीढ़ियां न चढ़ पाने के कारण एक महिला नीचे जमीन पर बैठी थी। जानकारी पर एसीपी खुद कार्यालय से नीचे आए और जमीन पर बैठकर ही उसकी फरियाद सुनी।
पीड़िता डौकी के पैतीखेड़ा निवासी तमन्ना देवी पत्नी शैलेंद्र सिंह है। उसने बताया कि 29 अगस्त को महिलाओं के बीच विवाद हुआ था। एसीपी ने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मामला थाना डौकी क्षेत्र का है।
________________________________________
पितरों को समर्पित सुंदरकांड में बही भक्ति की गंगा
आगरा, 28 सितम्बर। भारत विकास परिषद अमृतम द्वारा श्राद्ध पक्ष में पितरों को समर्पित सुंदरकांड पाठ श्री राम हनुमान मंदिर, रामलीला मैदान में हुआ। शाखा अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ ने संगीतमय पाठ किया। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हुए। जय श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। इस दौरान रामलीला महोत्सव के स्वरूप राजा दशरथ संजय सिंघल, कौशल्या नीता सिंघल, राजा जनक अशोक गोयल व सुनयना लता गोयल का सम्मान किया गया।संयोजक राजेंद्र-राधा अग्रवाल रहे। संरक्षक विजय अग्रवाल, उमेश बाबू अग्रवाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
________________________________________
आगरा कॉलेज की महिला शतरंज टीम ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप
आगरा, 28 सितम्बर। आगरा कॉलेज की महिला शतरंज टीम ने केआर गर्ल्स पीजी कॉलेज मथुरा में हुई अंतर-महाविद्यालयी प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियनशिप जीती। प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने खिलाड़ियों अदिति, दिविशा, माही व अनुष्का को बधाई दी। शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. अमित रावत ने बताया कि खिलाड़ियों ने अनुशासन व खेल कौशल से यह सफलता पाई। टीम मैनेजर नितेश शर्मा की भूमिका सराहनीय रही।
________________________________________
मोक्षधाम पर पितरों की शांति के लिए सुंदरकांड पाठ
आगरा, 28 सितम्बर। पितृपक्ष में पितरों की आत्म शांति के लिए श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी एवं श्री सुंदरकांड भक्त मंडल नाई की मंडी द्वारा ताजगंज मोक्षधाम स्थित सत्संग हॉल में संगीतमय सुंदरकांड पाठ हुआ।
ढोलक-मंजीरे के साथ भजनों ने मन मोह लिया। परिसर राम-हनुमान जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पाठ में विनोद शर्मा, विनोद गोयल, विकास अग्रवाल, आयुष शर्मा शामिल रहे। बजाजा कमेटी अध्यक्ष अनिल जिंदल, पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल, महासचिव राजकुमार जैन, विष्णु चौधरी, ताराचंद गोयल, संजय गुप्ता समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
________________________________________
भगत सिंह प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया
आगरा, 28 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शहीद-ए-आजम भगत सिंह जयंती पर नूरी दरवाजा स्थित प्रतिमा पर विधान परिषद सदस्य एवं प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने माल्यार्पण कर स्वच्छता अभियान चलाया।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह का त्याग और राष्ट्रप्रेम हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा परिसर में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में अशोक पिप्पल, नितेश शिवहरे, विक्रांत कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
________________________________________
शारदा वर्ल्ड स्कूल में ऑस्ट्रेलियाई कोच नताशा रूनी ने दिया विशेष प्रशिक्षण
आगरा, 28 सितम्बर। शारदा वर्ल्ड स्कूल में चल रहे भारतीय लैक्रोस टीमों के हाई-परफॉर्मेंस कैंप में ऑस्ट्रेलिया की इंटरनेशनल कोच नताशा रूनी ने विशेष सत्र लिया।
उन्होंने खिलाड़ियों को एडवांस स्किल्स, पासिंग, डिफेंसिव तकनीक और टीम कोऑर्डिनेशन का प्रशिक्षण दिया। यह सत्र एशिया पैसिफिक सिक्सेस चैंपियनशिप की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण रहा।
कैंप 26 सितंबर से 3 अक्टूबर तक LAI के CEO तौसीफ लारी के मार्गदर्शन में चल रहा है। कोच शकील खान, नीरज बत्रा और फ्रांसिस तैयारी करा रहे हैं।
________________________________________
नम्रता दान काले कपड़ों में शामिल हुईं
आगरा, 28 सितम्बर। जिला व शहर कांग्रेस ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुभाष पार्क से जिला मुख्यालय तक विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान काले कपड़ों में शामिल हुईं, जिन पर 'वोट चोर गद्दी छोड़' लिखा था। उन्होंने कहा भाजपा चुनाव आयोग की प्रवक्ता क्यों बनी है, 2027 में भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
कार्यकर्ताओं ने 'चुनाव आयुक्त शर्म करो' के नारे लगाए। प्रदर्शन में रामनाथ सिकरवार, अमित सिंह, राम टंडन, अश्विनी जैन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
________________________________________
आठ वरिष्ठ व्यापारियों को किया सम्मानित
आगरा, 28 सितम्बर। लुहार गली व्यापार समिति का वार्षिकोत्सव सोमवार को विजय नगर स्थित विजय क्लब में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान 40 से 50 वर्षों से बाजार की पहचान संवार रहे 8 वरिष्ठ व्यापारियों को सम्मानित किया गया।
समिति अध्यक्ष संदीप गुप्ता और महामंत्री संजीव अग्रवाल ने बताया कि लुहार गली प्रदेश भर में सौंदर्य प्रसाधन, हौजरी, ज्वेलरी और गिलट-चांदी की पायलों के लिए प्रसिद्ध है। वरिष्ठों के सम्मान की परंपरा नई पीढ़ी को प्रेरणा देने के लिए शुरू की गई है।
समारोह में पुरुषोत्तम दास अग्रवाल, रमेश चंद्र अग्रवाल, रविंद्र कुमार, सतीश अरोड़ा, महेश चंद्र अग्रवाल, सुभाष चंद्र जैन, राजेंद्र कुमार अग्रवाल और सतीश अग्रवाल को सम्मानित किया गया। वर्षभर के आय-व्यय और सामाजिक कार्यों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, लघु उद्योग अध्यक्ष राकेश गर्ग ने पहल की सराहना की।
________________________________________
संत रविदास जयंती पर दो से समरसता महोत्सव
आगरा, 28 सितम्बर। संत रविदास की 650वीं जयंती पर दो से चार अक्टूबर तक बीएसएनएल ग्राउंड, तारघर पर तीन दिवसीय समरसता महोत्सव होगा। महासभा द्वारा आयोजित महोत्सव में 5000 से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है। सोमवार को संजय प्लेस में आमंत्रण पत्र का विमोचन हुआ। अध्यक्ष रमेश कर्दम ने बताया कि 2 को प्रदर्शनी व समरसता सम्मेलन, 3 को सत्संग और कवि सम्मेलन तथा 4 को रविदास कथा व प्रतिभा सम्मान होगा।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments