भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन बैट आगरा में ग्राउंड से चोरी, इंस्टा पर वीडियो जारी कर की अपील - "लौटा दो, पैसे दे दूंगा"

आगरा, 28 सितम्बर। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर के तीन प्लेयर एडिशन बैट उनके होम ग्राउंड अरतौनी स्थित चाहर डावर ग्राउंड से चोरी हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना शनिवार शाम की है। चोरी के बाद दीपक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर चोर से बैट वापस करने की भावुक अपील की है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
दीपक के पिता व कोच लोकेंद्र चाहर ने बताया कि शनिवार शाम दीपक ग्राउंड पर अभ्यास कर रहे थे। उन्होंने अपनी किट एक तरफ रख दी और गेंदबाजी का अभ्यास करने लगे। करीब एक घंटे बाद जब बैटिंग अभ्यास के लिए लौटे तो तीनों बैट गायब मिले। काफी तलाश के बाद भी बैट नहीं मिले।
दीपक ने वीडियो में कहा, "कल शाम ग्राउंड से तीन बैट चोरी हो गए। बहुत अच्छे बैट थे, डेढ़ लाख के तीन बैट थे। जो ले गया उसे कीमत का पता ही नहीं है। वो या तो बेच देगा या टेनिस बॉल से खेलेगा। भाई मुझसे ही पैसे ले लेता, मैं दे देता।" उन्होंने कहा कि अगर चोर बैट वापस कर दे तो वह पैसे देने को भी तैयार हैं।
 
वीडियो में मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा कि उनके पास तीन विकल्प हैं - पुलिस में शिकायत करूं, योगी जी या मोदी जी के पास जाऊं, या सीधे भगवान से प्रार्थना करूं कि चोर को बुद्धि दे और मेरे बैट लौटा दे।
उधर थाना सिकंदरा प्रभारी राजीव त्यागी ने मीडिया को बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। सोशल मीडिया के जरिए मामले की जानकारी हुई है और क्रिकेटर से संपर्क किया जा रहा है।
___________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments