एक रात में दो अग्निकांड, लाखों का सामान जला, तीन लोगों की बची जान

आगरा, 26 सितम्बर। शहर में बीती रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भीषण आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि दोनों हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
पहली घटना एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के रामबाग में हुई। यहां स्थित मॉडल शॉप में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया और अंदर से धुएं का घना गुबार उठने लगा। स्थानीय लोगों ने धुआं देखकर पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। एफएसओ सोमदत्त सोनकर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग आग के कारणों की जांच कर रहा है।
अवधपुरी में चार्जिंग स्कूटी में ब्लास्ट
दूसरी घटना थाना जगदीशपुरा के अवधपुरी क्षेत्र की है। यहां पुष्पांजलि फेस-3 में एक मकान में रात करीब 3:30 बजे भीषण आग लग गई। उस वक्त घर में तीन लोग सो रहे थे और बाहर से ताला लगा था। धुआं और आग की लपटें देख पड़ोसियों ने चौकी अवधपुरी पुलिस को सूचना दी।
 
मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए ताला तोड़ा और घर में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जांच में सामने आया कि घर के अंदर चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में ब्लास्ट होने से आग लगी थी। पुलिस ने तुरंत बिजली की लाइन कटवाई और जलती हुई स्कूटी को खींचकर घर से बाहर निकाला। इसके बाद बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। हादसे में घर में रखी साइकिल, वाशिंग मशीन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जल गया।
दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments