एक और तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार, 20 वर्षीया युवती की मौत, दो युवक घायल
आगरा, 28 सितंबर। जिले में तेज रफ्तार के कारण एक और कार हादसे का शिकार हो गई। थाना खंदौली क्षेत्र में रविवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में गिर गई। कार ने कई बार पलटा खाया। हादसे में कार सवार 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए।
गौरतलब है कि विगत दिवस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भी तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई थी, जिसमें तीन युवकों को जान चली गई थी।
खबरों के अनुसार, ताजा हादसा विगत रात्रि करीब दो बजे हुआ। कार में खंदौली की रहने वाली युवती अपने दो दोस्त विनायक और प्रखर के साथ सवार थी। कार मई गांव के पास पहुंची थी तभी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। हादसे में युवती की मौके पर मौत हो गई, जबकि विनायक और प्रखर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
डीसीपी पश्चिमी आदित्य सिंह के अनुसार मृतका की पहचान 20 वर्षीय राधा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार राधा, विनायक और प्रखर आपस में दोस्त थे और रात में मिलने के लिए आए थे। इसी दौरान कार चलाते समय हादसा हो गया।
युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और हंगामा किया। उन्होंने हादसे की परिस्थितियों की जांच की मांग की। पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत कराया। पुलिस के अनुसार तीनों आपस में दोस्त थे। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।
_____________________________________

Post a Comment
0 Comments