स्मार्ट सिटी के 1100 करोड़ का हिसाब दो, सपा ने नगर निगम घेरा
आगरा, 10 सितम्बर। बदहाल सफाई, जलभराव और टूटी सड़कों को लेकर सपा महानगर ने गुरुवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संजय टॉकीज चौराहे से नगर निगम कार्यालय तक मार्च निकाला और नगर आयुक्त के माध्यम से राज्यपाल को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने 'आगरा को आपदा घोषित करो', 'स्मार्ट सिटी का हिसाब दो' के नारे लगाए। पार्टी ने शहर को तत्काल आपदा घोषित करने, विशेष राहत पैकेज और 1100 करोड़ की स्मार्ट सिटी परियोजना की न्यायिक जांच की मांग की। कहा गया कि बारिश में शहर तालाब बन जाता है, सीवर ओवरफ्लो और बंद स्ट्रीट लाइट से जनता परेशान है। दो माह में खुले नालों में गिरने से 4 लोगों की मौत को आपराधिक लापरवाही बताते हुए मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ मुआवजा और जिम्मेदारों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।
ज्ञापन में नगर निगम सदन की नियमित बैठक, नालों की सफाई, जल निकासी की वैज्ञानिक व्यवस्था, सड़कों के गड्ढे भरने, दूषित पेयजल रोकने, 100 वार्डों में सफाई-फॉगिंग और प्राथमिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की मांग शामिल है।
पार्टी ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के साथ नगर निगम का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा
_____________________________________

Post a Comment
0 Comments