Agra News: खबरें आगरा की.....

टीबी मरीजों के लिए पोषण का सहारा, विश्वविद्यालय गोद लेगा 125 मरीज
आगरा, 10 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर पर टीबी मरीजों को पोषण सहायता दी जाएगी। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी को 125 मरीजों की सूची सौंपी।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि टीबी ठीक होने में करीब छह माह लगते हैं। दवा के साथ पौष्टिक आहार जरूरी है। निक्षय पोषण योजना में मरीजों को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आह्वान पर गोद लेने का अभियान चल रहा है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय 125 मरीजों को गोद लेकर हर माह पोषण पोटली देगा। पोषण पोटली से मरीजों को ताकत मिलेगी, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिलेगी।
_______________________________________
डीएम ने की जिला टास्क फोर्स की बैठक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बताया प्राथमिकता
आगरा, 10 सितम्बर। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में बुधवार को कैंप कार्यालय में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। डीएम ने निपुण भारत मिशन, विद्यालय निरीक्षण, पीएम पोषण, डीबीटी, अपार आईडी, ऑपरेशन कायाकल्प और कस्तूरबा विद्यालयों की समीक्षा की।
डीएम ने सभी बीईओ को नियमित विद्यालय निरीक्षण और एआरपी व डायट मेंटर्स को गुणवत्तापूर्ण विजिट के निर्देश दिए। कहा- निरीक्षण औपचारिकता नहीं, गुणवत्ता सुधार का माध्यम बने।
निपुण आकलन समय पर पूरा करने, निपुण ऐप पर प्रविष्टियां अपडेट करने और बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार पर जोर दिया। डीबीटी और अपार आईडी के लंबित कार्य शीघ्र पूरे करने को कहा।
पीएम पोषण में मेन्यू अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की समीक्षा में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि किसी भी विद्यालय में बच्चे खुले में न पढ़े। अतिरिक्त कक्षों के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं। ऑपरेशन कायाकल्प, बाल वाटिका, खेल सामग्री और बेहतर नवाचार करने वाले स्कूलों को अन्य स्कूलों के लिए मॉडल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में बीएसए डॉ. राकेश सिंह, डीआईओएस, डीपीआरओ, डीसी बालिका सहित सभी बीईओ और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
_______________________________________
ताजमहल और किले के पास पर्यटकों को परेशान करने पर सात लपके गिरफ्तार
आगरा, 10 सितम्बर। ताजमहल और लाल किले के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों, हॉकरों और अवैध गाइडों के खिलाफ पर्यटन पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।
गुरुवार को थाना पर्यटन पुलिस ने दोनों स्थलों के आसपास कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार ये लोग पर्यटकों को परेशान कर रहे थे और अवैध रूप से हॉकर, वेंडर व गाइड का काम कर रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पर्यटन पुलिस का कहना है कि देशी-विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित माहौल देने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
_______________________________________
संस्कार भारती की 21वीं नमन काव्य गोष्ठी संपन्न
आगरा, 10 सितम्बर। संस्कार भारती आगरा पश्चिम महानगर, ब्रज प्रांत की 21वीं नमन काव्य गोष्ठी माधव भवन, जयपुर हाउस में हुई। शुभारंभ भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुआ।
  
मुख्य वक्ता अखिल भारतीय अधिकारी बांकेलाल गौड़ ने कहा कि कवियों को कागज या मोबाइल फोन देखकर काव्यपाठ से बचना चाहिए। वरिष्ठ कवि अशोक गोयल ने सरस्वती वंदना गाई। डॉ. ब्रज बिहारी लाल बिरजू, डॉ. नीलम भटनागर, राकेश शर्मा दद्दू, प्रभुदत्त उपाध्याय, राजीव क्वात्रा, डॉ. यशोयश, रश्मि सिंह, रूपेश कुलश्रेष्ठ स्नेह सहित कई कवियों ने काव्यपाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
गोष्ठी में विजया तिवारी, मोहित सक्सेना, प्रकाश गुप्ता बेबाक, अलका शर्मा, सुधा वर्मा, डॉ. मंजू स्वाति आदि ने भी कविताएं सुनाईं। संचालन संजय कुमार एडवोकेट और अलका शर्मा ने किया, संयोजन प्रभुदत्त उपाध्याय व धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने दिया।
इस अवसर पर राजीव सिंघल, एसएन गर्ग, नंद किशोर, वंदना बंसल सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
_______________________________________
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
आगरा, 10 सितम्बर। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की 2026-2029 के लिए चुनी गई नई कार्यकारिणी ने गुरुवार को कार्यभार संभाला। खालसा गली, रावतपाड़ा स्थित कार्यालय में चुनाव अधिकारी माधव अग्रवाल ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
अनिल जिंदल ने अध्यक्ष, विष्णु गर्ग ने उपाध्यक्ष, राजकुमार जैन ने महामंत्री, ताराचंद गोयल ने कोषाध्यक्ष और प्रशांत गुप्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। साथ ही 30 कार्यकारिणी सदस्यों ने भी शपथ ली। कार्यक्रम में अशोक गुप्ता, अनिल गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश गोयल, ओम टंडन, सुनील विकल, निवर्तमान महासचिव राजीव अग्रवाल मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि एमजी रोड स्थित बजाजा सेवा सदन का निर्माण शीघ्र पूरा कराना और अंतिम संस्कार सेवाओं को और सुविधायुक्त बनाना प्राथमिकता रहेगी।
_______________________________________



_______________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments