सिकंदरा में युवती पर चाकू से जानलेवा हमला, दोस्त ने गले और पीठ पर किए वार, हालत गंभीर
आगरा, 09 सितंबर। थाना सिकंदरा क्षेत्र में जेसीबी चौराहे के पास बुधवार की सुबह एक युवक ने युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घायल युवती बाबूजी चौराहे के पास शास्त्रीपुरम की रहने वाली है और शास्त्रीपुरम स्थित एक मेडिकल इक्विपमेंट कंपनी में नौकरी करती है। आरोपी युवक का नाम ओमकार बताया गया है। वह युवती के घर के पास रहता है। बताया गया है कि दोनों के बीच पहले दोस्ती थी।
सुबह युवती नौकरी पर जा रही थी। शास्त्रीपुरम से आगे जेसीबी चौराहे के पास आरोपी ने उसे रोक लिया और विवाद के बाद चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने युवती के गले और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवती को निजी नर्सिंग होम पहुंचाया। सूचना पर सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। प्रेम प्रसंग या आपसी विवाद को लेकर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments