किनारी बाजार में 3.73 करोड़ के सोने के जेवरात गायब, तीन कर्मचारियों पर मुकदमा
आगरा, 05 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के किनारी बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से करीब ढाई किलो सोने के जेवरात गायब होने का मामला सामने आया है। चोरी गए जेवरात की कीमत 3.73 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कृष्ण गोपाल मुकेश बाबू ज्वैलर्स के जेवरात गायब करने का आरोप दुकान के तीन कर्मचारियों अमित बंसल, धीरज चौहान और दीपक यादव पर लगा है। सर्राफ मुकेश बाबू अग्रवाल की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अवागढ़ हाउस, एमजी रोड निवासी सर्राफ ने पुलिस को बताया कि उनका सोने के जेवरात और कीमती नग बेचने का कारोबार है। विगत 18 मई को स्टॉक की गिनती कराई तो चार किलो, 57 ग्राम सोने के जेवरात होने चाहिए थे, लेकिन 27 डिब्बे खाली मिले। करीब ढाई किलो सोने के जेवरात गायब थे।
छानबीन में पता चला कि अमित बंसल और धीरज चौहान ने हाल ही में संपत्ति खरीदी है। तीसरे कर्मचारी दीपक यादव ने इसी साल 25 अप्रैल को 23.6 ग्राम सोना 2.70 लाख रुपये में बेचा था और उसने भी संपत्ति खरीदी है।
मुकेश बाबू का कहना है कि दुकान पर कुल 12 कर्मचारी हैं। आरोपी तीनों कर्मचारियों के रहन-सहन में अचानक बदलाव आया है और उन्होंने कुछ समय के अंतराल में संपत्तियां खरीदी हैं, जबकि बाकी नौ कर्मचारी पहले जैसे ही हैं। स्टॉक की गिनती का काम भी यही तीनों देखते थे। जेवरात एक साथ नहीं, बल्कि छह महीने में धीरे-धीरे गायब हुए।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को बताया कि मुकदमे में धीरे-धीरे माल गायब होने की बात लिखाई गई है। तीनों कर्मचारियों की खरीदी गई संपत्तियों का ब्योरा लिया जा रहा है और रकम के स्रोत का हिसाब मांगा जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments