अज्ञात वाहन ने ले ली श्रमिक की जान, ग्रामीणों ने सड़क की जाम
आगरा, 15 अगस्त। जिले के थाना इरादतनगर क्षेत्र में शनिवार की तड़के अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक श्रमिक की मौत हो गई। हादसे से नाराज क्षेत्रीय ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा ग्वालियर राजमार्ग पर कुर्रा मोड़ स्थित जियो पेट्रोल पंप के सामने हुआ। बताया गया है कि शनिवार 42 वर्षीय श्रमिक सोहनवीर निवासी मुबारिकपुर तड़के शौच के लिए निकला था, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सोनवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।
थाना प्रभारी राम कुमार तोमर ने मीडिया को बताया कि टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments