जीआरपी के आठ घंटे मेहनत कर ढूंढ निकाला दस लाख का बैग!
आगरा, 13 अगस्त। आगरा छावनी रेलवे स्टेशन राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने आठ घंटे कड़ी मेहनत के बाद यात्री का खोया बैग ढूंढ निकाला। बैग में करीब दस लाख रुपये कीमत के महंगे कैमरे और गैजेट्स थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली निवासी संदीप कुमार आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उनका कैमरा बैग भीड़ में कहीं छूट गया। बैग में करीब दस लाख रुपये कीमत के प्रोफेशनल कैमरे, लेंस और अन्य महंगे गैजेट्स रखे थे।
बैग गुम होने की सूचना मिलते ही आगरा कैंट जीआरपी सक्रिय हो गई। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
फुटेज में बैग को एक यात्री के पास देखा गया। इसके बाद जीआरपी ने प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम और स्टेशन के आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। करीब आठ घंटे की मेहनत के बाद बैग का सुराग मिल गया।
टीम ने बैग को कब्जे में लेकर उसकी जांच की। बैग में रखे सभी कैमरे और गैजेट्स सुरक्षित मिले। इसके बाद जीआरपी ने बैग उसके असली मालिक संदीप को लौटा दिया। संदीप ने आभार जताते हुए कहा कि उन्हें बैग वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments