मराठी स्टाइल में परिधान पहने बुलेट चलाती महिला की रील बनी चर्चा का विषय, पुलिस के रंग की नम्बर प्लेट पर उठे सवाल

आगरा, 12 अगस्त। इंस्टाग्राम पर मराठी स्टाइल में साड़ी पहने और गहनों से लदी महिला द्वारा पुलिस के रंग की नंबर प्लेट वाली बुलेट मोटर साइकिल अपने अंदाज में चलाने की रील शहर में तेजी से चर्चा का विषय बन गई है। महिला पर यातायात उल्लंघन के आरोप लगे हैं। एसपी ट्रैफिक ने रील की जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है।
महिला के इसी परिधान में सिकंदरा स्थित कैलाश मंदिर और अन्य स्थानों की रील भी उसकी कथित आईडी पर दिख रही हैं।
बिना हेलमेट के बुलेट (रॉयल इनफील्ड) बाइक चलाने की रील सिकंदरा क्षेत्र में मथुरा-आगरा हाईवे की बताई जा रही है। रील में महिला बाइक चलाने के दौरान एक हाथ छोड़कर अलग-अलग अंदाज में दिखाई देती है। महिला चलती बाइक पर एक पैर लेगगार्ड पर रखे हुए भी नजर आती है। इस दौरान उसके पीछे से दूसरे वाहन गुजरते दिखाई दे रहे हैं। हाईवे पर बाइक चलाने के साथ-साथ कैमरे के लिए अलग-अलग पोज भी दिए जा रहे हैं। इसी वजह से वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया गया है कि यह रील PRXYA.JADON नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट की गई है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के आधार पर वीडियो की तारीख, महिला की पहचान और बाइक के रजिस्ट्रेशन की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। 
सोशल मीडिया पर रील वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- गौर से देखिए ये पुलिस की बाइक है। एक अन्य यूजर ने आगरा पुलिस को टैग करते हुए लिखा- अगर यही बाइक किसी आम नागरिक की होती तो आगरा पुलिस अब तक एक्शन ले लेती। मगर ये बाइक खुद एक पुलिस वाले की है, इसके लिए कोई नियम कानून नहीं हैं। कुछ लोगों ने दावा किया कि बाइक किसी पुलिसकर्मी की हो सकती है, हालांकि इसकी अभी पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं हुई है। बाइक वास्तव में किसके नाम है और युवती का उससे क्या संबंध है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर बाइक और युवती की पहचान करने में जुटी है।
डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने मीडिया से कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है। बुलेट किसकी है। लड़की कौन है? यह पता किया जा रहा है। 
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments